Highlights
- EOU ने सासाराम के एग्जिक्यूटिव इंजीनियर के 6 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
- जांच में आय से 85.05 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने के शुरुआती साक्ष्य मिलने का दावा।
- तस्वीरों में नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के, घड़ियां और दस्तावेज मिले दिखाई दिए।
पटना/सासाराम: बिहार की आर्थिक अपराध इकाई ने लघु सिंचाई प्रमंडल, सासाराम के एग्जिक्यूटिव इंजीनियर अरविंद कुमार चौधरी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। EOU की टीम ने बुधवार सुबह उनके 6 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। EOU के मुताबिक, सत्यापन के दौरान यह प्रथमदृष्टया सामने आया कि अरविंद कुमार चौधरी ने 1,19,98,534 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। एजेंसी का दावा है कि यह उनकी ज्ञात आय से करीब 85.05 प्रतिशत अधिक है। इसी आधार पर तलाशी की कार्रवाई की जा रही है।
6 अलग-अलग ठिकानों पर EOU ने मारा है छापा
EOU की टीमें एक साथ 6 अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही हैं। इनमें पटना के दानापुर स्थित आदमपुर में वीनस पैराडाइज अपार्टमेंट के चौथे टावर का फ्लैट नंबर-405, आशोपुर स्थित वीनस इम्पायर का फ्लैट नंबर-1301 (यूनिट-01), मुजफ्फरपुर के महामाया स्थान स्थित ससुराल का मकान नंबर-66, सासाराम स्थित लघु सिंचाई प्रमंडल का कार्यपालक अभियंता कार्यालय, डेहरी ऑन सोन का सरकारी आवास और बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के पीपराडीह गांव स्थित अरविंद कुमार का पैतृक मकान शामिल हैं।
Image Source : REPORTER INPUTइंजीनियर के ठिकानों से भारी मात्रा में सोने के गहने बरामद हुए हैं।
जांच के बाद ही पता चल पाएगी संपत्ति की पूरी कीमत
छापेमारी के दौरान सामने आई तस्वीरों में बड़ी मात्रा में कैश, सोने और चांदी के गहने, चांदी के सिक्के, कीमती घड़ियां, चांदी के बर्तन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज दिखाई दे रहे हैं। एक तस्वीर में नोटों की कई गड्डियां, घड़ियां और चांदी के बर्तन रखे हुए नजर आते हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में सोने के हार, कंगन, झुमके, अंगूठियां, चांदी के सिक्के और अन्य आभूषण व्यवस्थित तरीके से बॉक्स में रखे दिखाई दे रहे हैं। हालांकि इन सामानों का अंतिम मूल्यांकन तलाशी पूरी होने और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
Image Source : REPORTER INPUTछापे में कीमती घड़ियां और भारी मात्रा में कैश भी मिला है।
एग्जिक्यूटिव इंजीनियर की ओर से नहीं आई प्रतिक्रिया
फिलहाल EOU की तलाशी की कार्रवाई जारी है और अलग-अलग जगहों को खंगाला जा रहा है। एजेंसी का कहना है कि सभी ठिकानों से मिले दस्तावेजों, नकदी, आभूषणों और अन्य संपत्तियों का विस्तृत आकलन किया जाएगा और फिर जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस मामले में एग्जिक्यूटिव इंजीनियर की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बता दें कि मई में भी बिहार के एक सरकारी इंजीनियर के यहां हुई छापेमारी में भारी मात्रा में संपत्ति मिली थी।
ये भी पढ़ें: रिटायर्ड अफसर के घर ‘कुबेर का खजाना’! 9 किलो सोना, 13 Kg चांदी और अकूत संपत्ति के दस्तावेज मिले

Total Users : 10168333
Views Today : 2606