Explore

Search

September 5, 2026 11:18 am

मोतिहारी में नवजात शिशु की कथित खरीद-फरोख्त का मामला, आठ लोग गिरफ्तार


बिहार के पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय मोतिहारी से मानव तस्करी और स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। पुलिस ने शहर में नवजात शिशु की कथित खरीद-फरोख्त का भंडाफोड़ करते हुए गिरोह में शामिल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।

कहां का मामला


मोतिहारी के पकड़ीदयाल से नवजात शिशु की कथित खरीद-बिक्री के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस, एएचटीयू और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक नवजात शिशु के साथ आठ संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चौरमा कोठी बाजार के नजदीक एक एंबुलेंस और ऑल्टो कार को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान एंबुलेंस में एक महिला को नवजात शिशु के साथ देखा गया जिससे पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले में कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया।

वहीं कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1 लाख 12 हजार रुपये नकद, एक एंबुलेंस,एक ऑल्टोकार और नौ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में नवजात शिशु की कथित खरीद-बिक्री से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों में गौतम कुमार, चंदन राम, छोटू कुमार, कुणाल कुमार, गुड्डू कुमार समेत तीन महिलाएं शामिल हैं।

मामले की जांच कर रही पुलिस

अब पुलिस इस पूरे मामले की कड़ी जोड़ने में जुटी है। आखिर नवजात शिशु को कहां से लाया गया, खरीद-बिक्री में कौन-कौन लोग शामिल हैं और इस कथित नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है इन तमाम सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। फिलहाल, आठों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

कॉल डिटेल निकाल रही पुलिस

प्रभारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि आरोपितों के पास से मिले सेलफोन के काल डिटेल का अध्ययन किया जा रहा है। इससे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

 





Source link

adm_960fd5
Author: adm_960fd5

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!