सालेपुर पंचायत में 15 सितंबर को लगेगा सहयोग शिविर, आम लोगों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड अंतर्गत सालेपुर पंचायत में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से 15 सितंबर 2026, मंगलवार को पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक पैक्स गोदाम, सालेपुर के ग्राम मूसेपुर में लगेगा।
शिविर में आम नागरिकों को अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। बीडीओ विवेक रंजन ने बताया कि सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना के निर्देश एवं जिला पदाधिकारी, समस्तीपुर के आदेश के आलोक में चक्रानुसार माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किया जाता रहेगा।
उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण का रोस्टर जारी होने के बाद सालेपुर पंचायत में शिविर की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहेंगे, जो सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों का निष्पादन, आवेदन प्राप्त करने, आवश्यक मार्गदर्शन देने और जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई करेंगे।
बीडीओ विवेक रंजन ने पंचायत के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याएं, शिकायतें और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखें। प्रशासन का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।

Total Users : 10208517
Views Today : 383