बीस सूत्री की बैठक में नल-जल, यूरिया खाद और थाना शिफ्टिंग का मुद्दा उठा
शिवाजीनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में बुधवार को कार्यान्वयन समिति बीस सूत्री की पांचवीं बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष संतोष कुमार बबली ने की, जबकि संचालन उपाध्यक्ष किशोरी प्रसाद सिंह ने किया। बैठक में रोसड़ा विधायक बीरेन्द्र कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक के दौरान प्रखंड में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। साथ ही पिछली बैठक में सदस्यों की ओर से उठाए गए प्रस्ताव एवं समस्याओं पर अब तक की गई कार्रवाई की विभागवार जानकारी ली गई।
बैठक का शुभारंभ रोसड़ा विधायक बीरेन्द्र कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष संतोष कुमार बबली, उपाध्यक्ष किशोरी प्रसाद सिंह, प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार, बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह, सीओ अम्बपाली यादव, बीईओ रामजन्म सिंह, एमओ नूरजहां, बीएओ सतीश कुमार एवं पीओ बबलू कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उपस्थित विधायक, पदाधिकारियों एवं सदस्यों का सम्मान किया गया।
बैठक में विधायक बीरेन्द्र कुमार ने पिछली बैठक में बीस सूत्री सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से पूछा कि पूर्व की बैठक में उठाए गए मामलों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है और लंबित मामलों के समाधान की दिशा में विभाग की ओर से क्या पहल की गई है। इस पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने अपने अपने विभाग से संबंधित कार्यों, योजनाओं की प्रगति तथा लंबित मामलों की जानकारी सदन के समक्ष रखी। बैठक के दौरान थाना अध्यक्ष हथौड़ी, थाना अध्यक्ष रोसड़ा, सीडीपीओ सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों से संबंधित स्पष्टीकरण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में विधायक द्वारा सदन में बात रखे जाने पर उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से इसका समर्थन किया। सदस्यों ने विभागीय स्तर पर कार्यों में जवाबदेही और जनसमस्याओं के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया।
बैठक में शिवाजीनगर थाना को पुराने प्रखंड कार्यालय भवन में स्थानांतरित करने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखा गया। चर्चा के बाद इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। सदन में कहा गया कि जब तक शिवाजीनगर थाना के लिए नए भवन का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक थाना पुराने प्रखंड कार्यालय भवन में संचालित किया जाएगा। इस निर्णय को क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
बीस सूत्री की बैठक में पेयजल की समस्या भी प्रमुखता से उठी। पीएचईडी विभाग के अंतर्गत संचालित हर घर नल-जल योजना की स्थिति को लेकर सदस्यों ने सवाल उठाए। ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल योजना के संचालन, पानी की उपलब्धता, खराब पड़े सिस्टम तथा लोगों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने से जुड़े मामलों पर विभागीय पदाधिकारी से जानकारी ली गई। सदस्यों ने कहा कि सरकार की योजना का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंचना चाहिए तथा जहां भी तकनीकी या अन्य कारणों से पेयजल आपूर्ति बाधित है, वहां शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है।
बाल विकास परियोजना से संबंधित मामलों पर भी सदन में चर्चा हुई। आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, योजनाओं के क्रियान्वयन तथा लाभुकों तक सेवाओं की पहुंच को लेकर जानकारी ली गई। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान किसानों को यूरिया खाद उपलब्ध कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि खेती के मौसम में किसानों को समय पर खाद नहीं मिलने से परेशानी होती है। इसलिए किसानों को आवश्यकता के अनुरूप यूरिया सहित अन्य उर्वरक उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। बैठक में स्वास्थ्य, बिजली, शिक्षा, पशुपालन, सहकारिता सहित अन्य विभागों के कार्यों की भी जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों ने विभागवार योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति से सदन को अवगत कराया। बीस सूत्री सदस्य ने अधिकारियों से कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर गंभीरता से कार्य किया जाए तथा आम लोगों की शिकायतों के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं हो।
बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार, पीएचईडी के जेई हिमांशु कुमार, सम परिवर्तन पदाधिकारी नीलू कुमारी, बिजली विभाग के जेई आकाश वर्मा, पशुपालक पदाधिकारी डॉ. एसएस प्रसाद, बीसीओ शिव दर्शन पासवान, एएसआई शैलेश कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्ला सहित बीस सूत्री सदस्य अनिल कुमार सिंह, कैलाश पंडित, सरोज कुमार, ललित कुमार झा, राम पुकार मंडल, निर्दोष सिंह, आवेश करनी, चंदन दास सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Total Users : 10209189
Views Today : 3243