दरभंगा में PDS लाइसेंस के नाम पर एक लाख रुपये लेने का आरोप, फर्जी लाइसेंस देने की शिकायत

दरभंगा जिले के बहेरी प्रखंड के बारा गांव निवासी विजय कुमार सिंह ने बहादुरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए जनवितरण प्रणाली (PDS) का लाइसेंस बनवाने के नाम पर एक लाख रुपये लेने और फर्जी लाइसेंस देने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, विजय कुमार सिंह के पिता स्वर्गीय जगदीश प्रसाद सिंह जनवितरण प्रणाली विक्रेता थे, जिनका निधन 19 जून 2018 को हो गया था। पिता के निधन के बाद विजय कुमार सिंह लाइसेंस बनवाने के लिए लहेरियासराय गए थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात लहेरियासराय निवासी स्वर्गीय सुकेश्वर महतो के पुत्र चंदन कुमार महतो से हुई।
विजय का आरोप है कि चंदन कुमार महतो ने एक लाख रुपये लेकर PDS लाइसेंस बनवाने का भरोसा दिया। इसके बाद उन्होंने दो बार में कुल एक लाख रुपये दे दिए। आरोप है कि बाद में चंदन कुमार ने उन्हें एक लाइसेंस बनाकर दिया।
विजय कुमार सिंह के मुताबिक, जब वह उक्त लाइसेंस लेकर एमओ और सदर अनुमंडल पदाधिकारी के पास पहुंचे तो अधिकारियों ने लाइसेंस को फर्जी बताया। शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि चंदन कुमार ने स्टांप पेपर पर लिखकर दिया था कि लाइसेंस नहीं बनवाने की स्थिति में राशि ब्याज समेत वापस कर देंगे।
विजय का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा उन्हें वहां से भगा दिया गया। मामले में पुलिस से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

Total Users : 10219844
Views Today : 4819