रोहतास में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का खुलासा, छापेमारी में 10 घरेलू LPG सिलेंडर जब्त
सब हेडिंग:
एसडीएम के नेतृत्व में हुई कार्रवाई, दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ
रोहतास: जिले में घरेलू रसोई गैस की कालाबाजारी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को एसडीएम नेहा कुमारी के नेतृत्व में शहर के जक्की शहीद मोहल्ले में छापेमारी की गई, जहां एक घर से 10 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण पकड़ा गया।
प्रशासन की टीम ने सभी सिलेंडरों को तत्काल जब्त कर लिया। मौके से दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
बताया जा रहा है कि जिले में घरेलू गैस की कालाबाजारी को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद प्रशासन ने यह छापेमारी की।
एसडीएम नेहा कुमारी ने बताया कि जिले में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी लोग गैस की कालाबाजारी में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर कई गैस उपभोक्ताओं ने गैस बुकिंग में हो रही परेशानी की भी शिकायत की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस एजेंसी द्वारा जारी बुकिंग नंबर पर कॉल नहीं लग पा रहा है, जिससे सिलेंडर बुक करने में दिक्कत हो रही है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कहीं कालाबाजारी की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन को इसकी जानकारी दें।






Total Users : 10071970
Views Today : 1486