गैस को लेकर मचा भ्रम, डीएम ने बुलाई एजेंसी संचालकों की बैठक | जानिए पूरा मामला
जिलाधिकारी ने कहा– जिले में गैस की कोई कमी नहीं, घर-घर वितरण जारी रखने के दिए निर्देश
मुंगेर जिले में रसोई गैस की आपूर्ति और उसके गलत भंडारण को लेकर फैल रही अफवाहों के मद्देनजर बुधवार को जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में सदर अनुमंडल क्षेत्र के सभी गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैस को लेकर आमजन में फैली अफवाहों और असमंजस की स्थिति को दूर करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक सहित जिले की सभी 11 गैस एजेंसियों के संचालक मौजूद थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से जिले में रसोई गैस को लेकर कई तरह की अफवाहें और भ्रांतियां फैल रही हैं। इसके कारण कुछ उपभोक्ता अतिरिक्त गैस का भंडारण करने लगे हैं और कुछ एजेंसियों द्वारा निर्धारित कीमत 1002 रुपये से अधिक राशि वसूलने की शिकायत भी मिल रही है।
उन्होंने सभी एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि गोदाम से गैस की सीधी डिलीवरी पर फिलहाल रोक लगाई जाए और घर-घर गैस वितरण प्रणाली को लगातार जारी रखा जाए। इसके साथ ही एजेंसियों को अपने कार्यालयों में माइकिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि लोगों को यह जानकारी मिल सके कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है।
जिलाधिकारी ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी को गैस एजेंसियों के दुकानों और गोदामों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति और गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया है, ताकि यदि कोई व्यक्ति गैस का गलत तरीके से भंडारण करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि रसोई गैस को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम में न रहें। जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और पहले की तरह घर-घर वितरण प्रणाली के माध्यम से नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जाती रहेगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन के साथ है और सभी लोग प्रशासन का सहयोग बनाए रखें।

Total Users : 10167972
Views Today : 1392