सिंघिया में अनाज व्यापारी के साथ मारपीट, 30 हजार रुपये छीनने का आरोप
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के कैना के समीप एक अनाज व्यापारी के साथ मारपीट कर उसे घायल कर देने का मामला सामने आया है। घायल व्यापारी को परिजनों द्वारा इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) सिंघिया में भर्ती कराया गया, जहां डॉ. राकेश कुमार ने उसका उपचार किया।
घायल व्यापारी की पहचान डोडिहा गांव निवासी राम किसुन यादव के पुत्र शिवानंद कुमार के रूप में हुई है। घायल शिवानंद कुमार ने बताया कि उनकी गाड़ी पर अनाज की बोरियां लदी हुई थीं। इसी दौरान कैना के एक व्यक्ति ने अनाज की बोरी फाड़ दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उक्त व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। साथ ही उनके पास रखे 30 हजार रुपये छीन लेने का भी आरोप लगाया है।
घटना की सूचना सिंघिया थाने की 112 पुलिस टीम को दी गई। परिजनों ने घटना पर दुख जताते हुए पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, सिंघिया थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने बताया कि मारपीट की घटना की जानकारी मिली है। जांच-पड़ताल के लिए 112 पुलिस टीम को भेजा गया है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Total Users : 10306451
Views Today : 2376