Explore

Search

March 11, 2026 8:00 pm

जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न विषयों पर हुई विस्तृत समीक्षा

 

*जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न विषयों पर हुई विस्तृत समीक्षा*

जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में आज डीआरडीए सभागार में जिला स्तरीय समन्वय/राजस्व एवं तकनीकी विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा सभी विभागों की पीपीटी के माध्यम से क्रमवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

राजस्व विभाग की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि सभी प्रखंडों में डिग्री महाविद्यालय की स्थापना हेतु ग्रामीण क्षेत्र में 05 एकड़ तथा शहरी क्षेत्र में 2.5 एकड़ भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। नरहट, रोह एवं सिरदला प्रखंड से भूमि उपलब्धता का प्रतिवेदन अब तक अप्राप्त रहने पर जिलाधिकारी ने शीघ्र भूमि चिन्हित कर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया। पर्यटकीय संरचनाओं के निर्माण एवं सुविधाओं के विकास हेतु गोविंदपुर अंचल से भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव एवं अभिलेख की मांग की गई थी, जो अब तक अप्राप्त है। जिला पदाधिकारी ने जल्द से जल्द प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान जिला पंचायत राज पदाधिकारी द्वारा पंचायत सरकार भवनों में योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी दी गई। इसमें पंचायत सरकार भवन चंडीनामा एवं रेवरा जगदीशपुर (काशीचक), खड़सारी (कौआकोल), सम्हरीगढ़ एवं नजरडीह (रोह), बिजू विगहा (मेसकौर) तथा बजरा (हिसुआ) शामिल हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अंचल अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।

कृषि विभाग की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने एग्रीस्टैक योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। ई-किसान भवन, कौआकोल, गोविंदपुर एवं नवादा के निर्माण कार्य अपूर्ण रहने तथा समायोजन हेतु राशि लंबित पाए जाने पर जिला अभियंता, जिला परिषद-सह-कार्यपालक अभियंता, डीआरडीए नवादा को समन्वय स्थापित कर शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत अब तक कुल 1,68,258 किसानों का निबंधन किया गया है, जिनमें से 52,929 किसानों का ई-केवाईसी पूर्ण हो चुका है। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री किसान योजना अंतर्गत 7,032 किसानों का निबंधन किया गया है। जिले में अब तक कुल 10,715 फार्मर रजिस्ट्री तैयार की जा चुकी है तथा 62,010 किसानों का ई-केवाईसी संपन्न कराया गया है।बैठक में यह भी बताया गया कि फार्मर रजिस्ट्री एक महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से किसानों की पहचान, भूमि रिकॉर्ड, फसल विवरण सहित अन्य आवश्यक जानकारियाँ दर्ज की जाती हैं, जिससे किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सब्सिडी का लाभ पारदर्शी एवं सुगम रूप से उपलब्ध कराया जाता है।

सामाजिक सुरक्षा कोषांग की समीक्षा में जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को पेंशन एवं गैर-पेंशन योजनाओं के अंतर्गत लक्ष्यानुरूप आच्छादित किया जाए। आपदा प्रबंधन से संबंधित भुगतान के संबंध में सभी अंचल अधिकारियों को आपदा पीड़ित लाभुकों को समय पर राशि भुगतान करने एवं लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। दिव्यांगजन कोषांग की योजनाओं की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पंचायत सचिवों के माध्यम से अभियान चलाकर पात्र दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

डीपीओ, आईसीडीएस ने जानकारी दी कि रजौली अनुमंडल में वन स्टॉप सेंटर भवन निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने तथा तत्काल 05 कमरों का भवन उपलब्ध कराने हेतु अनुमंडल पदाधिकारी, रजौली से अनुरोध किया गया, जिस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने भवन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, रजौली को शीघ्र भवन चिन्हित कर वन स्टॉप सेंटर का संचालन प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।

उद्योग विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत फर्स्ट स्टेज में कुल 613 मामले तथा सेकेंड स्टेज में कुल 21 मामले लंबित हैं।

इसके अतिरिक्त पशुपालन, शिक्षा, श्रम, कल्याण, बाल संरक्षण, योजना, जीविका, पीएचईडी, भवन निर्माण, आपूर्ति सहित अन्य विभागों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

बैठक में सिविल सर्जन, नवादा, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी रजौली, जिला परिवहन पदाधिकारी, गोपनीय शाखा प्रभारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, प्रभारी स्थापना शाखा, प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी, जिला कृषि पदाधिकारी, आरडब्ल्यूडी नवादा एवं रजौली, निदेशक डीआरडीए, डीपीओ आईसीडीएस, जिला पशुपालन पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!