पटना में भीषण सड़क हादसा: मनेर उर्स मेला से लौट रहे 6 लोगों की दर्दनाक मौत, दो घायल
पटना। राजधानी पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें मनेर उर्स मेला से लौट रहे एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज पटना के पीएमसीएच में चल रहा है।
हादसा परेव लेखन टोला पुल के पास रात करीब 2 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रक ने एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मनेर उर्स मेला देखकर लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार सभी लोग भोजपुर जिले के रहने वाले थे और मनेर में चल रहे उर्स मेले को देखकर रात में अपने घर लौट रहे थे। मेला घूमकर खुशी-खुशी लौट रहा परिवार इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया।
मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है—
मो. इम्तियाज (30 वर्ष), पिता – मो. अली
मो. गुड्डु (33 वर्ष), पिता – मो. मुमताज
मो. सहजाद (22 वर्ष), पिता – मो. समसाद
मो. सज्जाद, जिनकी मौत इलाज के दौरान हुई
सफान (1 वर्ष)
अल्फी (2 वर्ष)
सभी मृतक भोजपुर जिले के दौलतपुर, आरा और आसपास के गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं।
इलाके में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। खासकर दो मासूम बच्चों की मौत से पूरा इलाका स्तब्ध है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मौके पर पांच लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि तीन घायल थे। घायलों को तुरंत पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अस्पताल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।






Total Users : 10073477
Views Today : 732