Explore

Search

March 31, 2026 11:08 pm

गोपालगंज में पेट्रोल-डीजल बिक्री पर सख्ती, 90 पंपों पर मजिस्ट्रेट तैनात – कालाबाजारी पर कड़ा एक्शन

गोपालगंज में पेट्रोल-डीजल बिक्री पर सख्ती, 90 पंपों पर मजिस्ट्रेट तैनात – कालाबाजारी पर कड़ा एक्शन

बिहार के गोपालगंज जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के निर्देश पर मंगलवार से जिले के सभी 90 पेट्रोल पंपों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
डीएम ने स्पष्ट किया है कि अब पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बिक्री प्रशासनिक निगरानी में होगी। किसी भी हालत में बोतल या डिब्बों में पेट्रोल-डीजल देने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि पेट्रोलियम पदार्थ अत्यंत ज्वलनशील होते हैं और उनका अवैध भंडारण बड़े हादसों को जन्म दे सकता है। वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान और इज़राइल के बीच बढ़ते तनाव को लेकर पेट्रोलियम आपूर्ति पर आशंकाओं की खबरों से लोगों में घबराहट का माहौल बना है, जिसके कारण कुछ लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन जमा करने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। बावजूद इसके लोग अनावश्यक भीड़ लगा रहे हैं, जो स्थिति को और बिगाड़ सकती है। डीएम ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें।
साथ ही गैस सिलेंडर के लिए ऑनलाइन बुकिंग करने और बिना नंबर के सिलेंडर लेने से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने, कालाबाजारी करने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर भारत की अर्थव्यवस्था और आम आदमी की जेब पर पड़ सकता है, जिससे महंगाई बढ़ने की आशंका है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!