बिहार में महिला दारोगा रिश्वत लेते गिरफ्तार, दलाल को भी विजिलेंस ने दबोचा
बिहार के बेतिया में विजिलेंस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला दारोगा के साथ एक बिचौलिये को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि किसी केस के सिलसिले में महिला दारोगा ने केस में लाभ पहुंचाने के लिए 15000 की रिश्वत मांगी थी. विजिलेंस की टीम ने रिश्वत लेते हुए महिला दरोगा को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है. पूरा मामला शिकारपुर थाने का है.
बेतिया में महिला दारोगा गिरफ्तार: नरकटियागंज के शिकारपुर थाने में तैनात महिला दारोगा प्रीति कुमारी और उसके सहयोगी अर्जुन सोनी को रिश्वत लेते हुए विजिलेंस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि एक मुकदमे में लाभ पहुंचाने के लिए 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी, लेकिन सौदा 12 हजार में तय हुआ था. इसकी जानकारी विजिलेंस टीम को दी गई.
रिश्वत लेते आवास से अरेस्टिंग: विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और जैसे ही रिश्वत की रकम दी गई, दोनों को रंगेहाथ दबोच लिया गया. विजिलेंस की टीम ने यह कार्रवाई महिला दारोगा के आवास पर की.
इस मामले में फिरोज कौशर परिवादी है. शिकारपुर थाने में शिकायत दर्ज की गई थी. इस केस में प्रीति कुमारी और उनके साथ एक दलाल पकड़े गए हैं. दलाल के जरिए ये रिश्वत की राशि 12 हजार रुपये ले रही थीं. पटना टीम ने कार्रवाई की है. आगे की कार्रवाई की जा रही है. केस रफा दफा करने के एवज में घूस की मांग की गई थी.”- पवन कुमार, पुलिस उपाधीक्षक, विजिलेंस
बता दें कि विजिलेंस कि यह कार्रवाई शिकारपुर थाना क्षेत्र के मलदहिया निवासी फिरोज़ कौशर की लिखित शिकायत पर की गई है. फिरोज़ कौशर ने विजिलेंस को बताया था कि केस में मदद करने के लिए उनसे घूस की मांग की जा रही है. विजिलेंस टीम ने पहले पूरी प्लानिंग की. फिर ट्रैप मनी की व्यवस्था की और जैसे ही पैसा हाथ में आया मौके पर दबिश दी. गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है.
भाई पर धमकी का आरोप था. आरोप निराधार है. जमीनी विवाद में मामा फंसा रहे हैं और केस भी वही कराए हैं. मैडम बोली कि केस हल्का कर देंगे, 15 हजार दीजिए. पैसा नहीं दिए तो छेड़छाड़, मारपीट का भी आरोप लगा देंगे. 15 हजार मांग रही थी 12 हजार में बात तय हुई थी. मैंने विजिलेंस से शिकायत की थी. प्रीति कुमारी और अर्जुन सोनी ने पैसे मांगे थे.”- फिरोज कौशर, शिकायतकर्ता






Total Users : 10052613
Views Today : 819