Explore

Search

March 4, 2026 3:54 am

पटना में फेयर प्राइस डीलरों का प्रदर्शन, पुलिस ने लाठियां भांजी और वाटर कैनन का किया इस्तेमाल

पटना में फेयर प्राइस डीलरों का प्रदर्शन, पुलिस ने लाठियां भांजी और वाटर कैनन का किया इस्तेमाल

बिहार फेयर प्राइस विक्रेताओं ने अपनी मांगों को लेकर पटना में विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो हाथापाई हुई. इस दौरान पुलिस ने डीलर एसोसिएशन पर लाठीचार्ज किया. भीड़ को हटाने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा.

पुलिस और डीलरों के बीच झड़प: राज्यभर से आए सैकड़ों डीलरों ने गांधी मैदान में पदयात्रा का समापन किया और सरकार की नीतियों के खिलाफ मार्च निकालने की कोशिश की, लेकिन प्रशासन द्वारा इजाजत न मिलने के बावजूद जब वे गर्दनीबाग की ओर बढ़े, तो पुलिस ने डाकबंगला चौराहा पर उन्हें रोक दिया
प्रदर्शनकारियों के नहीं मानने पर पुलिस और फेयर प्राइस डीलरों के बीच तीखी झड़प हो गई. हालात बिगड़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग किया. पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया, लेकिन जब प्रदर्शनकारी नहीं हटे, तो लाठीचार्ज करना पड़ा. इससे कई लोग घायल हो गए और दर्जनों को हिरासत में लिया गया.

डाकबंगला चौराहा पर अफरातफरी: पुलिस की कार्रवाई के दौरान डाकबंगला चौराहा पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए पुलिस ने कई बसों में भरकर उन्हें अलग-अलग थानों में भेजा. घटनास्थल पर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा.
मामले को लेकर लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि हर कोई विरोध करता है, लेकिन वह शांतिपूर्ण होनी चाहिए. डीएसपी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने डाक बंगला क्रॉसिंग को दोनों तरफ से जाम कर दिया था.डीएसपी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को गर्दनीबाग जाने के लिए कहा जा रहा था, लेकिन वे प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने की कोशिश कर रहे थे.
प्रदर्शनकारी को हटने के लिए कहा गया तो उग्र हो गए. बैरिकेड तोड़ने लगे. कुछ जगहों पर पुलिस के साथ हाथापाई हुई. कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है” -कृष्ण मुरारी प्रसाद, डीएसपी, लॉ एंड ऑर्डर

डीलरों की प्रमुख मांगे: फेयर प्राइस डीलरों की मुख्य मांगों में उचित वेतनमान की व्यवस्था, सेवा का नियमितीकरण, अनुकंपा नियुक्ति में आयु सीमा की बाध्यता को हटाना और अन्य बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार लंबे समय से केवल आश्वासन दे रही है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही.
फेयर प्राइस डीलरों का आंदोलन हाल के महीनों में लगातार तेज होता जा रहा है. पहले भी कई बार धरना-प्रदर्शन हुए, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकलने पर अब उन्होंने पदयात्रा और मार्च का रास्ता अपनाया. पटना में पुलिसिया कार्रवाई के बाद संगठन की ओर से आंदोलन को और तेज करने के संकेत मिल रहे हैं.
गौरतलब है कि फेयर प्राइस डीलर राज्य सरकार की जनवितरण प्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. ये गरीबों को सस्ती दरों पर राशन मुहैया कराने में अहम भूमिका निभाते हैं. लेकिन, लंबे समय से वे असमान वेतन और अस्थायी सेवाओं को लेकर नाराज चल रहे हैं.

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!