Patna Crime News: दानापुर में होली विवाद बना जानलेवा, PMCH की हेड नर्स की कथित हत्या, पति हिरासत में
पटना। पटना के दानापुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां होली पर ससुराल जाने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। आरोप है कि पति ने अपनी ही पत्नी की पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
होली पर घर जाने को लेकर बढ़ा विवाद
घटना पूर्वी गोला रोड की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात पति-पत्नी के बीच होली पर्व को लेकर कहासुनी शुरू हुई। बताया जा रहा है कि महिला ससुराल जाने के पक्ष में नहीं थी, जिसे लेकर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और आरोपी पति ने कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी।
गला दबाकर हत्या का आरोप
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार मारपीट के दौरान महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि पति ने बेरहमी से पिटाई करने के साथ उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हैरानी की बात यह रही कि आसपास के लोगों को घटना की भनक तक नहीं लगी।
PMCH में थीं कार्यरत
मृतका की पहचान चांदनी कुमारी के रूप में हुई है, जो पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में हेड नर्स के पद पर कार्यरत थीं। वे अपने परिवार के साथ दानापुर में रह रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई।
पति ने खुद दी पुलिस को सूचना
बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी पति सोनू सिंह अपने दो वर्षीय पुत्र को लेकर छपरा स्थित पैतृक घर गया, फिर देर रात दानापुर लौटकर डायल 112 पर फोन कर पुलिस को खुद ही घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।
फॉरेंसिक जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से जांच कर रही है।
दानापुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार भारद्वाज ने कहा,
“प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतका के परिजनों द्वारा लिखित आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।”
लोगों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि मामूली पारिवारिक विवाद का इतना भयावह अंत बेहद दुखद और चिंताजनक है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।






Total Users : 10067432
Views Today : 245