Explore

Search

August 31, 2026 10:48 am

गुप्ता धाम में बाढ़ जैसे हालात, मंदिर परिसर में घुसा पानी, प्रसाद की दुकानें भी डूबीं; आवागमन बंद


बिहार के रोहतास कैमूर पहाड़ी क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा के कारण प्रसिद्ध गुप्ता धाम मंदिर परिसर में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। मंदिर परिसर के आसपास पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे प्रसाद बेचने वाले कई दुकानदारों की दुकानें भी पानी में डूब गई हैं। अचानक बढ़े जलप्रवाह से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

लगातार बारिश के कारण बढ़ गया है नदियों का जलस्तर

लगातार वर्षा के कारण कैमूर पहाड़ी से निकलने वाली पहाड़ी नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। दुर्गावती बांध की ओर जाने वाले सड़क मार्ग पर स्थित खौरहा जलप्रपात समेत करीब चार-पांच अन्य जलप्रपातों में पानी का प्रवाह काफी तेज हो गया है। तेज जलप्रवाह के कारण आसपास के क्षेत्रों में भी पानी का दबाव बढ़ गया है।

गुप्ता धाम मार्ग को किया गया बंद

नदियों में तेज बहाव को देखते हुए वन विभाग ने गुप्ता धाम आने-जाने वाले मार्ग को फिलहाल पूरी तरह बंद कर दिया है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। इससे पहले शनिवार को सीता कुंड में लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण गुप्ता धाम परिसर में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी। परिसर के आसपास पानी बढ़ने के साथ ही कैमूर पहाड़ी से निकलने वाली नदियां भी उफान पर थीं।

तेज जलप्रवाह के कारण गुप्ता धाम पहुंचने वाले मार्ग पर भी खतरा बढ़ गया था। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वन विभाग ने एहतियातन मार्ग को बंद करने का निर्णय लिया है। विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वर्तमान परिस्थितियों में गुप्ता धाम की ओर जाने का प्रयास न करें।

विभागीय दल मौसम की स्थिति पर रख रहा निगरानी

वन विभाग के वन उप परिसर पदाधिकारी, सुग्गीखोह एवं फुलवरिया, चेनारी भीम कुमार ने बताया कि कैमूर पहाड़ी क्षेत्र में लगातार वर्षा के कारण नदियों और जलप्रपातों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। गुप्ता धाम जाने वाले मार्ग पर फिलहाल आवागमन बंद रखा गया है। विभागीय दल जलस्तर और मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है।

उन्होंने कहा कि जब तक मार्ग पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक आवागमन शुरू नहीं किया जाएगा। जलस्तर कम होने और मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही गुप्ता धाम का रास्ता दोबारा खोला जाएगा।

रोहतास से रंजन सिंह की रिपोर्ट 

ये भी पढ़ें:

पटना में ट्रक ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, ड्राइवरों ने काटा हंगामा, राजद विधायक मौके पर पहुंचे





Source link

adm_960fd5
Author: adm_960fd5

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!