Explore

Search

July 11, 2026 11:01 pm

स्कूल में नहीं, 1097 किलोमीटर दूर बैठकर लगाई हाजिरी! बिहार के 6 शिक्षक निलंबित

स्कूल में नहीं, 1097 किलोमीटर दूर बैठकर लगाई हाजिरी! बिहार के 6 शिक्षक निलंबित

किशनगंज: बिहार के किशनगंज जिले में ई-शिक्षाकोष पोर्टल के जरिए फर्जी उपस्थिति दर्ज करने का बड़ा मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ कि कुछ शिक्षकों ने विद्यालय में मौजूद हुए बिना सैकड़ों किलोमीटर दूर से ऑनलाइन ‘मार्क ऑन ड्यूटी’ दर्ज कर अपनी उपस्थिति बना ली। मामले की पुष्टि होने के बाद शिक्षा विभाग ने छह शिक्षक-प्रधानाध्यापकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

जानकारी के अनुसार, 14 मई 2026 को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) द्वारा ई-शिक्षाकोष पोर्टल की जांच की गई। जांच के दौरान पता चला कि संबंधित शिक्षकों की लोकेशन उनके विद्यालय से 155 किलोमीटर से लेकर 1097 किलोमीटर तक दूर थी, जबकि पोर्टल पर उनकी उपस्थिति दर्ज थी। इसके बाद विस्तृत जांच कर रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी (स्थापना) को सौंपी गई।

इन शिक्षकों पर हुई कार्रवाई

कार्रवाई की जद में आए शिक्षकों में ठाकुरगंज प्रखंड के मो. नाहिद रजा, सोनम राय, प्रवीण कुमार, महबूब आलम और लोकेश कुमार के अलावा पोठिया प्रखंड के सहादत हुसैन अंसारी शामिल हैं। सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

गंभीर कदाचार मानते हुए जारी हुआ आरोप-पत्र

शिक्षा विभाग ने इसे सरकारी आदेशों की अवहेलना, अनुशासनहीनता और विद्यार्थियों के हितों के साथ खिलवाड़ माना है। बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली के तहत सभी शिक्षकों को आरोप-पत्र जारी किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता मिलेगा।

अन्य शिक्षकों की भी होगी जांच

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि ई-शिक्षाकोष पोर्टल के दुरुपयोग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग अब अन्य शिक्षकों की उपस्थिति की भी जांच करेगा। यदि किसी अन्य शिक्षक द्वारा भी इसी तरह की अनियमितता पाई गई तो उसके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डिजिटल व्यवस्था के दुरुपयोग पर सख्ती

ई-शिक्षाकोष पोर्टल सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। विभाग ने कहा है कि इस प्रणाली के दुरुपयोग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!