निवाड़ी की नर्सिंग छात्रा का वीडियो वायरल, बोली- शादी और बच्चा भी हो गया, अब कब आएगा रिजल्ट?
निवाड़ी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले की नर्सिंग छात्रा आरती कुशवाहा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरती नर्सिंग परीक्षा के रिजल्ट में हो रही देरी को लेकर अपनी परेशानी जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जल्द रिजल्ट जारी कराने की अपील करती नजर आ रही हैं।
आरती ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2020 में बीएससी नर्सिंग में दाखिला लिया था। करीब छह साल बीत जाने के बाद भी उनकी पढ़ाई पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि इसी साल जनवरी में थर्ड ईयर की परीक्षा हुई थी, लेकिन अगस्त तक उसका रिजल्ट जारी नहीं हुआ है।
वायरल वीडियो में आरती ने कहा कि नर्सिंग की पढ़ाई करते-करते उनकी शादी हो गई और बच्चा भी हो गया, लेकिन अभी तक डिग्री पूरी नहीं हुई। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर रिजल्ट कब आएगा और उनकी पढ़ाई कब पूरी होगी।
आरती ने बताया कि वह दतिया के एसआरआई नर्सिंग कॉलेज से पढ़ाई कर रही हैं, जो जबलपुर यूनिवर्सिटी से संबद्ध है। रिजल्ट नहीं आने के कारण वह दूसरी परीक्षाओं के लिए भी आवेदन नहीं कर पा रही हैं।
छात्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार से अपील की है कि उनका रिजल्ट जल्द जारी कराया जाए और आगे की परीक्षा प्रक्रिया भी समय पर पूरी कराई जाए। आरती ने लोगों से भी वीडियो को अधिक से अधिक शेयर कर उनकी आवाज सरकार तक पहुंचाने की अपील की है।

Total Users : 10192516
Views Today : 589