डॉ. कलाम फाउंडेशन की बैठक में संस्था के विकास पर चर्चा, राजकुमार मंडल सम्मानित
शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय प्लस टू उच्च विद्यालय शिवाजीनगर के भवन सभागार में रविवार को डॉ. कलाम फाउंडेशन फॉर रूरल डेवलपमेंट सह पब्लिक लाइब्रेरी शिवाजीनगर की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संस्था के विकास, सदस्य संख्या बढ़ाने और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संस्था के प्रथम बैच के छात्र राजकुमार मंडल का बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयन होने पर उन्हें सम्मानित किया गया। बैठक की अध्यक्षता एचएम सह संस्था के अध्यक्ष बालमुकुंद सिंह ने की। वहीं भवन निर्माण विभाग के उप सचिव सह संस्था के संस्थापक ललित कुमार सिंह और सचिव राज नारायण ने संयुक्त रूप से बैठक का संचालन किया। बैठक की शुरुआत में संस्था को और अधिक सशक्त बनाने, नए सदस्यों को जोड़ने तथा ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों को गति देने पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने संस्था के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए। सभी ने संगठन के विस्तार और सामाजिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए मिलकर काम करने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान पब्लिक लाइब्रेरी के वर्ष 2011 के प्रथम बैच के छात्र एवं खानपुर प्रखंड के बुधवाराही गांव निवासी राजकुमार मंडल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर उनका चयन होने पर संस्था के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर उन्हें पाग, चादर, माला और डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया। सदस्यों ने कहा कि राजकुमार मंडल की उपलब्धि संस्था के लिए गौरव की बात है। उनकी सफलता से अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मौके पर रामशंकर सिंह, अरविंद सिंह, रामपुकार सिंह, कुंडेश्वर प्रसाद सिन्हा, विकेश कुमार सिंह, ललित कुमार सिंह, विजय, संतोष कुमार अशोक, हीरालाल सिंह, डॉ. रामचंद्र सिन्हा, योगाचार्य डॉ. रमाकांत सिंह, कामदेव पासवान, भोला प्रसाद, श्याम बालक सिंह, राजन कुमार, सुरेश कुमार सिंह, मिथिलेश कुमार सिंह, कौशलेंद्र कुमार, प्रदुमन कुमार और दिवाकर सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संस्था के विकास और उसके सामाजिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।

Total Users : 10287402
Views Today : 4039