Explore

Search

October 24, 2026 4:19 am

सड़क हादसे में पूर्व मुखिया प्रदीप कुमार महतो की मौत, इलाके में शोक

सड़क हादसे में पूर्व मुखिया प्रदीप कुमार महतो की मौत, इलाके में शोक

बिहार के समस्तीपुर जिले के शिवाजी नगर प्रखंड के  अंतर्गत रहियार दक्षिण पंचायत के कांकर गांव वार्ड 9 निवासी पूर्व पंचायत समिति सदस्य सह पूर्व मुखिया प्रदीप कुमार महतो 58 वर्ष की सड़क हादसे में मौत हो गई। रविवार की शाम रोसड़ा थाना क्षेत्र के छावनी मुरली और छर्रापट्टी के बीच हुई बाइक दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के लिए निजी क्लीनिक ले जाने के दौरान चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना सोमवार की सुबह शिवाजीनगर पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के घर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। बताया गया कि प्रदीप कुमार महतो अमानत का कार्य निपटाने के बाद रविवार की शाम बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छर्रापट्टी के समीप मोड़ पर सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। दुर्घटना में प्रदीप कुमार महतो सड़क पर गिर गए। बताया जाता है कि हादसे के दौरान हेलमेट में गर्दन फंस जाने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी छावनी स्थित उनके ससुराल के लोगों को मिली, जिसके बाद परिजन व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आनन फानन में उन्हें रोसड़ा के एक निजी क्लीनिक में ले गए। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार जिस बाइक से टक्कर हुई, उस पर दो युवक सवार थे। हादसे के बाद दोनों युवक अपनी बाइक लेकर वहां से निकल गए। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवकों को भी हल्की चोटें आई थीं और उन्होंने निजी क्लीनिक में इलाज कराया। हालांकि दुर्घटना के बाद उनके मौके से चले जाने के कारण घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाने और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल रोसड़ा थाना क्षेत्र में होने के कारण आगे की कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस द्वारा किए जाने की बात कही गई है। प्रदीप कुमार महतो लंबे समय तक पंचायत की राजनीति और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे। वह वर्ष 2006 से 2011 तक पंचायत समिति सदस्य के पद पर रहे। इसके बाद वर्ष 2016 से 2021 तक पंचायत के मुखिया के रूप में उन्होंने जिम्मेदारी संभाली। पंचायत प्रतिनिधि के रूप में उनके कार्यकाल के कारण क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। स्थानीय लोगों के अनुसार पंचायत से जुड़े मामलों में उनकी सक्रियता रही और ग्रामीणों के बीच उनका लगातार संपर्क बना रहा। उनके अचानक निधन की खबर फैलते ही पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पत्नी बबीता देवी आंगनबाड़ी सेविका हैं। उनके परिवार में पुत्र रोशन कुमार, प्रगति कुमार तथा पुत्रियां कोमल कुमारी और काजल कुमारी हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्यों का रो रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई मौत से परिजनों को गहरा सदमा लगा है। घर पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और आसपास के ग्रामीणों ने पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। शिवाजीनगर थाने के अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार और एएसआई शैलेश कुमार पुलिस टीम के साथ मृतक के घर पहुंचे। पुलिस पदाधिकारियों ने आवश्यक जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा। शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस पदाधिकारी मृतक के घर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना का घटनास्थल रोसड़ा थाना क्षेत्र में पड़ता है।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत के मुखिया अशर्फी सहनी, धर्मेंद्र मंडल, नटवर कुमार राय, दुखा मुखिया, विनोद पासवान, संजीव पासवान, सरिता कुमारी, रिंकू देवी, राजकुमारी देवी, विभा कुमारी, चंदन कुमारी, प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार, समाजसेवी संजय साहनी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे। सभी ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की अपील की। पूर्व मुखिया के निधन से पंचायत के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में भी गहरा शोक है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!