बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर तस्करी के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। पटना में मध निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करी के ऐसे ही एक मामले का खुलासा किया है। दीघा थाना क्षेत्र के मीनार घाट के पास छापेमारी कर एक कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। इस कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। खास बात यह है कि जिस कार से शराब की खेप ले जाई जा रही थी, उस पर ‘भारत सरकार जीएसटी ट्रिब्यूनल, पटना बोर्ड’ का बोर्ड लगा हुआ था।
विदेशी शराब की खेप बरामद
तस्वीरें पटना के दीघा थाना क्षेत्र की है। जहां मीनार घाट के पास मध निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षक अजीत कुमार के नेतृत्व में टीम ने एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के अंदर से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जमुई निवासी जयप्रकाश शुक्ला के रूप में हुई है। शराब तस्करी में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया गया है।
कार पर ‘भारत सरकार जीएसटी ट्रिब्यूनल लिखा हुआ
इस कार्रवाई में सबसे चौंकाने वाली बात कार पर लगा बोर्ड है। कार पर ‘भारत सरकार जीएसटी ट्रिब्यूनल, पटना बोर्ड’ लिखा हुआ था। यानी सरकारी विभाग का बोर्ड लगाकर शराब की खेप को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने की कोशिश की जा रही थी।
उत्पाद विभाग अब इस बात की भी जांच कर रहा है कि यह बोर्ड कार पर कब और किस उद्देश्य से लगाया गया। क्या आरोपी ने खुद यह बोर्ड लगाकर सरकारी वाहन होने का भ्रम पैदा किया या इसके पीछे कोई और व्यक्ति अथवा नेटवर्क शामिल है, इसकी भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी ने कहा- ठीक नहीं आर्थिक स्थिति
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसी वजह से उसने करीब तीन-चार महीने पहले शराब की तस्करी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि इससे पहले उसकी गाड़ी जीएसटी से जुड़े काम में चलती थी। बाद में आर्थिक परेशानी के कारण उसने शराब तस्करी का रास्ता अपना लिया। हालांकि, आरोपी के इस बयान की विभाग की ओर से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।
पुलिस अब इन एंगल पर कर रही जांच
मध निषेध एवं उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त प्रेम प्रकाश ने कहा कि शराब और कार को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे पटना में कहां पहुंचाया जाना था।
इसके साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। क्या जयप्रकाश शुक्ला सिर्फ शराब की खेप पहुंचाने का काम कर रहा था या इस पूरे कारोबार के पीछे कोई बड़ा गिरोह है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
बिट्टू कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
महिला ने कॉलर पकड़कर पति को रोड पर घसीटा, कर दी जमकर पिटाई; घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

Total Users : 10195599
Views Today : 2516