Breaking News : ससुराल में बिजली का तार टूटकर गिरा, करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी के साथ ससुराल गए एक युवक की बिजली का करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बेहट ग्राम निवासी मेघन राय के 30 वर्षीय पुत्र मिथिलेश राय रक्षाबंधन के दिन शुक्रवार को अपनी पत्नी पूजा कुमारी के साथ अपने साले को राखी बंधवाने के लिए मोरसर स्थित ससुराल गए थे। शनिवार को मिथिलेश दिन में घर में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली का तार टूटकर उनके शरीर पर गिर गया, जिससे करंट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है और मिथिलेश ही परिवार के जीविकोपार्जन का सहारा थे। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीण जय प्रकाश यादव, मुन्ना राय, रणधीर राय समेत कई लोगों ने बिहार सरकार से मृतक की पत्नी और बच्चों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
रविवार को जब मिथिलेश का शव उनके गांव पहुंचा तो पूरे गांव में मातम छा गया। पत्नी, मां, पिता, भाई समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना के बाद गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।

Total Users : 10199134
Views Today : 1940