सिंघिया PHC में भीषण आग, दो सरकारी एम्बुलेंस जलकर राख; लाखों की संपत्ति का नुकसान
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में आग लगने से दो पुराने सरकारी एम्बुलेंस जलकर खाक हो गए। घटना में लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति के नुकसान की बात सामने आ रही है।
सूत्रों के अनुसार, PHC परिसर स्थित पार्क में दो पुराने एम्बुलेंस खड़े थे। इनके आसपास अन्य एम्बुलेंस भी खड़े थे। बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस के पास ही कचरे का ढेर लगा हुआ था। कचरे में आग लगाए जाने के बाद आग बेकाबू हो गई और इसकी चपेट में आकर दो एम्बुलेंस पूरी तरह जल गए।
घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर साजिश की आशंका भी जताई जा रही है। कुछ लोगों का कहना है कि किसी सामान की कथित हेराफेरी के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आग लगाए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
बताया गया कि जब तक अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाती, तब तक दोनों एम्बुलेंस जलकर राख हो चुके थे।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी सिंघिया PHC में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एम.एम. अंसारी के चैंबर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। उस घटना में आउटसोर्सिंग कर्मी की कथित लापरवाही की बात सामने आई थी। लगातार आग लगने की घटनाओं से PHC की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Total Users : 10206984
Views Today : 3531