Explore

Search

September 8, 2026 12:44 am

शिवाजीनगर में गैर संचारी रोगों की जांच को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने चलाया अभियान

शिवाजीनगर में गैर संचारी रोगों की जांच को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने चलाया अभियान

 

शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवाजीनगर की ओर से गैर संचारी रोग (एनसीडी) अभियान के तहत क्षेत्र में लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। अभियान के अंतर्गत एक सितंबर से 30 नवंबर तक विभिन्न पंचायतों में शिविर एवं भ्रमण के माध्यम से लोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसी क्रम में करियन पंचायत के पंचायत सरकार भवन में मुखिया संजीव पासवान ने स्वयं तथा ग्रामीणों के साथ स्वास्थ्य जांच कराकर अभियान को बढ़ावा दिया। जांच के दौरान लोगों का रक्तचाप (बीपी), ब्लड शुगर समेत अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गैर संचारी रोगों की समय रहते पहचान करना और लोगों को उचित चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराना है। अभियान के दौरान विशेष रूप से उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसे रोगों की प्रारंभिक स्तर पर पहचान करने पर जोर दिया जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित खान-पान अपनाने तथा चिकित्सकों की सलाह के अनुसार जीवनशैली में आवश्यक बदलाव करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।

करियन पंचायत के मुखिया संजीव पासवान ने पंचायत सरकार भवन में स्वयं स्वास्थ्य जांच कराने के साथ ग्रामीणों को भी जांच कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच की सुविधा पहुंचने से लोगों को काफी लाभ मिलेगा। कई बार लोग बीमारी के लक्षणों को सामान्य समझकर जांच नहीं कराते हैं, जिससे बीमारी बढ़ने के बाद इलाज शुरू होता है। समय पर जांच होने से ऐसी स्थिति से बचा जा सकता है।

इसी अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार एवं स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्लाह ने क्षेत्र का भ्रमण किया। स्वास्थ्य प्रबंधक के नेतृत्व में डुमरा मोहन, राहतौली और बल्लीपुर क्षेत्र का भ्रमण कर अभियान के तहत चल रही गतिविधियों की जानकारी ली गई। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों से जांच की स्थिति, लोगों की भागीदारी तथा अभियान को पंचायत स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने को लेकर जानकारी ली गई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार ने कहा कि गैर संचारी रोगों की पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “उच्च रक्तचाप और ब्लड शुगर जैसी समस्याओं की समय पर जांच बेहद जरूरी है। प्रारंभिक अवस्था में बीमारी की पहचान होने पर चिकित्सकीय सलाह और उचित उपचार के माध्यम से इसके प्रभाव को नियंत्रित किया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्र के अधिक से अधिक लोग इस अभियान का लाभ उठाएं और अपनी स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं।

स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्लाह ने बताया कि अभियान को पंचायत स्तर तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को सक्रिय रूप से लगाया गया है। उन्होंने कहा कि “अभियान के दौरान लोगों की स्क्रीनिंग के साथ उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। डुमरा मोहन, राहतौली और बल्लीपुर समेत अन्य क्षेत्रों में भ्रमण कर स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी जांच से वंचित न रहे।”

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के दौरान जांच में किसी व्यक्ति में असामान्य स्थिति मिलने पर उसे आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं आगे की जांच के लिए स्वास्थ्य केंद्र से जोड़ा जाएगा। विभाग का प्रयास है कि ग्रामीण स्तर पर ही लोगों को गैर संचारी रोगों के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच की आदत विकसित की जाए। अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश भी दिया जा रहा है कि समय पर जांच और सावधानी बरतकर गैर संचारी रोगों से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिम को कम किया जा सकता है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!