वैशाली नाव हादसा: बेटी और बच्चों को खोने वाली मां डीएम से लिपटकर रोई, गांव में पसरा मातम
वैशाली: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने की दर्दनाक घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे में बच्चों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। अपने बच्चों को खोने वाली एक मां का दर्द उस समय छलक पड़ा, जब वैशाली की डीएम वर्षा सिंह पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचीं। महिला डीएम से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगी।
महिला ने रोते हुए बताया कि उसके तीन बेटियों समेत परिवार के कई बच्चे हादसे का शिकार हो गए। उसने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि अब उसके पास केवल एक बेटा बचा है। मां की व्यथा सुनकर मौके पर मौजूद लोग भावुक हो गए।
जर्जर नाव को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि नाव पहले से ही जर्जर थी और इसकी शिकायत भी की गई थी। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई होती तो इस हादसे को टाला जा सकता था। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
बच्चों को बचाने में जुटे रहे अधिकारी
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य चलाया गया। हाजीपुर सदर के एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बच्चों को बचाने के लिए प्रयास किए और जरूरतमंद बच्चों को सीपीआर देने में जुटे रहे।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में 13 बच्चों की मौत हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नाव पर करीब 30 से 35 बच्चे सवार थे, जो भोज खाने जा रहे थे। नाव बीच गंगा नदी में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवारों में चीख-पुकार मची है और गांव में शोक का माहौल है।

Total Users : 10270009
Views Today : 1014