Explore

Search

October 14, 2026 4:16 am

हाजीपुर में गंगा नदी में नाव पलटी, 13 बच्चों की मौत; 7 लोगों को बचाया गया

हाजीपुर में गंगा नदी में नाव पलटी, 13 बच्चों की मौत; 7 लोगों को बचाया गया

 

वैशाली (बिहार): बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 13 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 7 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने घटना की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद गांव के समीप नाव पर सवार लोग पड़ोस के गांव में भोज खाने जा रहे थे। नाव पर करीब 15 से 20 लोग सवार थे। इसी दौरान गंगा नदी की बीच धारा में नाव असंतुलित होकर पलट गई, जिससे लोग नदी में गिर गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लोगों को बचाने का प्रयास किया। इसके बाद प्रशासन, पुलिस और गोताखोरों की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बचाए गए सात लोगों को इलाज के लिए एनएमसीएच भेजा गया। प्रशासन के अनुसार, सभी की स्थिति खतरे से बाहर है।

घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी वर्षा सिंह और एसएसपी शुभांक मिश्रा समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। नाव पर सवार लोगों की सही संख्या स्पष्ट नहीं होने के कारण रातभर बचाव अभियान जारी रखने की बात कही गई।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य तेज करने और प्रभावित लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने की अपील की। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!