Explore

Search

October 16, 2026 4:30 am

समस्तीपुर में सड़क सुरक्षा अभियान तेज, 3,526 वाहनों का चालान; 2.51 करोड़ रुपये का जुर्माना

समस्तीपुर में सड़क सुरक्षा अभियान तेज, 3,526 वाहनों का चालान; 2.51 करोड़ रुपये का जुर्माना

 

समस्तीपुर: दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पर्व को देखते हुए जिला परिवहन कार्यालय, समस्तीपुर की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

जिला परिवहन कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2026 से 14 अक्टूबर 2026 तक कुल 8,146 वाहनों की जांच की गई, जिनमें 3,526 वाहनों का चालान काटा गया। इस दौरान अगस्त में 1,198, सितंबर में 1,445 तथा 1 से 14 अक्टूबर तक 883 वाहनों का चालान किया गया।

हेलमेट, सीट बेल्ट और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई

अभियान के दौरान हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले 913 वाहन चालकों से 9.13 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, ओवरलोडिंग के 310 मामलों में 77.26 लाख रुपये तथा बिना परमिट या परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले 441 वाहनों से 44.10 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा, लहरियाकट तरीके से बाइक चलाने वाले 13 चालकों पर 65 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील

जिला परिवहन कार्यालय ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ओवरलोडिंग से बचें तथा वाहन के सभी आवश्यक कागजात और वैध परमिट साथ रखें।

कार्यालय ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सभी वाहन चालक सावधानी और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!