सिंघिया में चोरी के आरोप में भाई ने भाई को पीटा, 112 पुलिस ने घायल को PHC में कराया भर्ती
समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लिलहौल गांव में चोरी के आरोप को लेकर दो भाइयों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना में लक्ष्मण शर्मा घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सिंघिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में भर्ती कराया।
पीएचसी में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अविनाश तिवारी ने घायल लक्ष्मण शर्मा का उपचार किया। घायल की पहचान लिलहौल गांव निवासी लक्ष्मण शर्मा के रूप में हुई है।
लक्ष्मण शर्मा ने बताया कि वह खाने-पीने का सामान लेने गए थे। इसी दौरान उनके सगे भाई राजकुमार शर्मा ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। हालांकि, मारपीट के पीछे चोरी के आरोप को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है।
इस संबंध में सिंघिया थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने बताया कि चोरी के आरोप में मारपीट होने की सूचना मिली है। मामले की जांच-पड़ताल के लिए डायल 112 की पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस घटना की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। आवेदन मिलने और जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Total Users : 10287484
Views Today : 4224