पत्रकारों की पेंशन और सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर : मंत्री लखेंद्र रौशन
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा बोले – पत्रकारों की हर समस्या का होगा निदान, मांग पत्र लेकर मुख्यमंत्री से मिलूंगा
— पूर्व सांसद रामा किशोर सिंह ने उठाई प्रखंड स्तरीय पत्रकारों की आवाज, बोले – सरकारी स्तर पर बैठने की व्यवस्था हो
–जन्दाहा में ‘हमारी आवाज पत्रकार सम्मेलन’ का आयोजन, पत्रकार सुरक्षा आयोग और कल्याण कोष के गठन की उठी मांग
—वरीय पत्रकारों को पेंशन योजना से जोड़ने की पहल, ग्रामीण एवं प्रखंड स्तरीय पत्रकारों को मान्यता देने पर जोर
जन्दाहा (वैशाली)। मीडिया फॉर बॉर्डर हार्मोनी के तत्वावधान में वैशाली जिले के जन्दाहा प्रखंड में ‘हमारी आवाज पत्रकार सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बिहार सरकार के अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन और जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह प्रदेश बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं वरिष्ठ पत्रकारों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन और जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं को लेकर सरकार गंभीर है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने और विकसित भारत के निर्माण में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है। पत्रकार अपने परिवार के साथ-साथ समाज की समस्याओं को भी प्राथमिकता देते हैं और कई बार जोखिम उठाकर जनहित के मुद्दों को सामने लाते हैं।
मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने कहा कि मीडिया फॉर बॉर्डर हार्मोनी की ओर से उठाई गई मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी। लंबे समय से पत्रकारिता कर रहे वरीय पत्रकारों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को पेंशन योजना से जोड़ने की पहल की जाएगी। साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा और अधिकारों के संरक्षण के लिए पत्रकार सुरक्षा आयोग तथा पत्रकार कल्याण कोष के गठन की मांग पर भी सरकार के स्तर पर पहल की जाएगी।
जनता दल यू के प्रदेश अध्यक्ष विधायक उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि पत्रकार जान जोखिम में डालकर समाज की आवाज को उठाते हैं। सरकार उनकी समस्या को हर स्तर पर निदान करेगी। इस संगठन की स्थापना 2005 में हुई और उस समय से बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पत्रकारों को बीमा योजना, पेंशन योजना दिया। आने वाले में जो भी मांग है उसे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री से मिलकर हमारी आवाज कार्यक्रम में जो भी मांग पत्र दिया गया है उसको निदान करने की पहल करेंगे।
पूर्व सांसद ने भी उठाईं पत्रकारों की समस्याएं
सम्मेलन में उपस्थित पूर्व वैशाली सांसद रामा किशोर सिंह ने पत्रकारों की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर कार्यरत पत्रकारों के लिए सरकारी स्तर पर बैठने की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि उन्हें अपने कार्यों के निष्पादन में सुविधा मिल सके।
पत्रकार सम्मेलन में वैशाली, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, बेतिया और सारण जिले के साथ नेपाल के पत्रकार शामिल हुए।
पत्रकारों की मांगों को सर्वसम्मति से किया गया पारित…
सम्मेलन में पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा, सम्मान, मान्यता और कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विभिन्न मांगों को सर्वसम्मति से पारित कर सरकार तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। प्रमुख मांगों में बिहार पत्रकार संरक्षण आयोग का गठन, पत्रकारों की सुरक्षा एवं अधिकारों का संरक्षण, ग्रामीण और प्रखंड स्तर पर कार्यरत पत्रकारों को मान्यता प्राप्त पत्रकार का दर्जा देना तथा मान्यता संबंधी आवेदन में जिला और अनुमंडल के साथ प्रखंड का कॉलम जोड़ना शामिल रहा। इसके अलावा मान्यता प्रक्रिया में लागू कोटा प्रणाली समाप्त करने की भी मांग उठाई गई।
सम्मेलन में यह भी मांग की गई कि 58 वर्ष की आयु पार कर चुके वरीय पत्रकारों को पत्रकार पेंशन योजना के दायरे में शामिल किया जाए, ताकि लंबे समय तक पत्रकारिता के माध्यम से समाज की सेवा करने वाले लोगों को बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा मिल सके। पत्रकारों ने सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मीडिया तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए प्रेस क्लबों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक जिले के प्रेस क्लब में जिला प्रशासन की ओर से मासिक पत्रकार गोष्ठी आयोजित करने की मांग भी रखी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मीडिया फॉर बॉर्डर हार्मोनी के अध्यक्ष प्रभात कुमार ने की। जिला मंत्री सह कार्यक्रम संयोजक ब्रजेश ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जबकि पत्रकार अमरेंद्र तिवारी ने मंच संचालन किया। वरिष्ठ पत्रकार मोहन कुमार सुधांशु और अनिरुद्ध राजा ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला बीस सूत्री सदस्य अशोक कुमार चौधरी, देसरी प्रखंड के जिला पार्षद सह सीपीआई नेता मोहित पासवान, जन्दाहा थानाध्यक्ष अनामिका कुमारी, मीडिया फॉर बॉर्डर हार्मोनी के मुजफ्फरपुर जिलाध्यक्ष रंजन कुमार, पत्रकार मनीष कुमार, विनोद पासवान, अरुण कुमार राय, सुमंत कुमार, प्रशांत कुमार क्रांतिकारी, राजेश कुमार, संतोष वर्मा, नागमणि, आनंद मोहन, शुभम कुमार, संजय कुमार सिंह, नवनीत कुमार, अजीत कुमार, मुखिया प्रतिनिधि शशिकांत, अशोक कुमार, अनूप लाल सिंह, अमित कुमार, संतोष कुमार, सुभाष कुमार, वशिष्ठ नारायण सिंह, मनोज मनोहर, सुधीर पासवान, रत्नेश कुमार, रेणु देवी, उदय कुमार, अखिलेश कुमार, अरुण कुमार, वीरेंद्र कुमार सिंह, शैलेश कुमार सिंह, कैलाश पासवान, संजय पासवान, अर्जुन पटेल, अभिषेक कुमार विक्की, जितेंद्र कुमार चौधरी, मदन मोहन गुप्ता, अमरेश कुमार, रणधीर कुमार झा, कुंदन कुमार और दिनेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Total Users : 10287560
Views Today : 4437