सांसद निधि से करीब 75 लाख की योजनाओं का हुआ उद्घाटन, शांभवी बोलीं- सांसद नहीं, आपकी बेटी बनकर करूंगी काम
शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत रजौर रामभद्रपुर पंचायत के पंचायत सरकार भवन परिसर में शनिवार को सांसद निधि से निर्मित विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी ने शिलापट्ट का अनावरण एवं नारियल फोड़कर करीब 75 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन अखिलेश कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ समस्तीपुर सांसद शांभवी चौधरी, प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार, सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह, मुखिया संघ अध्यक्ष रामचंद्र सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष संतोष कुमार बबली, राजेश कुमार, केसरी जी, संजीव पासवान, वीरेंद्र प्रसाद बिरजू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सांसद शांभवी चौधरी का सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह की ओर से मिथिला की पारंपरिक रीति रिवाज के अनुसार स्वागत एवं सम्मान किया गया। उन्हें मिथिला का पाग, चादर, माला एवं मिथिला पेंटिंग का फोटो भेंट किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अन्य अतिथियों को भी पाग, चादर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद सांसद शांभवी चौधरी ने प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में सांसद निधि से निर्मित योजनाओं के शिलापट्ट का अनावरण किया। साथ ही नारियल फोड़कर योजनाओं का विधिवत उद्घाटन किया। इनमें सड़क निर्माण, सीढ़ीघाट, शौचालय एवं महाविद्यालय में कमरे के निर्माण सहित कई जनोपयोगी 11 योजनाएं शामिल हैं। जाखर धरमपुर पंचायत में छावनी से सामुदायिक भवन के निकट से छावनी विद्यालय की ओर जाने वाली सड़क में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य कराया गया है। इसकी प्राक्कलित राशि 5 लाख 98 हजार 946 रुपये है। रजौर रामभद्रपुर पंचायत के रजौर गांव में रामविलास मंडल के घर के समीप से मंटुन मंडल के घर की ओर जाने वाली सड़क में पीसीसी निर्माण कार्य कराया गया है। इस योजना की प्राक्कलित राशि 7 लाख 79 हजार 342 रुपये है। राम लखन सिंह रामस्वरूप मंडल स्नातक महाविद्यालय में एक कमरे का निर्माण कराया गया है। इस योजना पर 9 लाख 92 हजार 328 रुपये की प्राक्कलित राशि खर्च की गई है। घिवाही पंचायत में राजेंद्र कुमार के घर से प्राथमिक विद्यालय श्यामपुर की ओर जाने वाली सड़क में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य कराया गया है, जिसकी प्राक्कलित राशि आठ लाख रुपये है। महदेवा में शौचालय निर्माण कार्य के लिए पांच लाख रुपये की योजना का उद्घाटन किया गया। करियन पंचायत के वार्ड चार में सीटीघाट निर्माण कार्य कराया गया है, जिसकी प्राक्कलित राशि आठ लाख रुपये है। डुमरा मोहन पंचायत में गुणानंद उच्च विद्यालय परवाना के निकट से दुबेपुर की ओर जाने वाली सड़क में पीसीसी निर्माण कार्य के लिए आठ लाख रुपये की योजना शामिल है। इसी रजौर रामभद्रपुर पंचायत में महाराज जी पोखर के पूरब भिंडा पर सीढ़ीघाट निर्माण कार्य कराया गया है। इसकी प्राक्कलित राशि आठ लाख रुपये है। बंधार पंचायत के बाघोपुर व्हाट्सएप दुर्गा स्थान के निकट नदी में सीढ़ीघाट निर्माण कार्य कराया गया है, जिस पर छह लाख रुपये की योजना है। वहीं बल्लीपुर पंचायत में जयप्रकाश चौधरी के खेत तीन बटिया से फोरलेन जाने वाली सड़क में पीसीसी निर्माण कार्य कराया गया है। इसकी प्राक्कलित राशि 7 लाख 95 हजार 597 रुपये है। इसके अलावा अन्य योजनाओं का भी उद्घाटन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि जिन कामों के पूरा होने की लोगों ने उम्मीद छोड़ दी थी, उन कामों को पूरा करवाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से जो वादा किया था, उसे पूरा करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
सांसद ने कहा आप लोगों से हमने चुनाव में वादा किया था। अब यहां आई हूं तो आपकी सांसद बनकर नहीं, आपकी बेटी बनकर रहूंगी। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर के विकास से जुड़े हर काम को ध्यान में रखते हुए कार्य किया जाएगा। उनका उद्देश्य आने वाली पीढ़ी के लिए ऐसा समस्तीपुर तैयार करना है, जहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अच्छी सड़क और रोजगार के अवसर उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। भारत सरकार और बिहार सरकार मिलकर बिहार के विकास के लिए काम कर रही है। सरकार के स्तर से समाज के हर वर्ग और हर व्यक्ति को मजबूत बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसमें महिलाएं और बड़े-बुजुर्ग भी शामिल हैं। सांसद ने कहा कि समस्तीपुर जिले के विकास में किसी तरह की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। चुनाव के दौरान जनता से जो वादा किया गया था, उसे हर हाल में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी की सरकार में बिहार तेजी से तरक्की कर रहा है और विकास की गति को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है।
शांभवी चौधरी ने कहा कि शिवाजीनगर प्रखंड में कई विद्यालय ऐसे हैं, जहां भवन की कमी है। क्षेत्र के लोगों ने इस समस्या की जानकारी उन्हें दी है। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर में आयोजित होने वाली दिशा की बैठक में अधिकारियों के समक्ष इस मुद्दे को रखा जाएगा और विद्यालय भवन की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे विषयों पर लगातार काम करने की जरूरत है। सांसद ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को बेहतर सुविधा और अवसर उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। संबोधन के अंत में सांसद ने अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की भी चर्चा करते हुए उनके नेतृत्व एवं कार्यों का बखान किया। कार्यक्रम के दौरान सांसद एवं अन्य अतिथियों के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। उद्घाटन के बाद लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से भी सांसद को अवगत कराया। सांसद ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया। मौके पर नवीन कुमार सिंह, मणि शंकर सिन्हा, माधव झा, सुनील कुमार, सुमन नंदकुमार सिंह, लालदेव महतो, सुनील यादव, गुंजन सिंह, सुनील कुमार चौधरी, सरोज कुमार, वीरेंद्र मिश्रा, चंदन राय, राजेश कुमार सिंह, संजय कुमार, राजेश कुमार सिंह, सत्यम कुमार, रामकुमार, नंदकुमार सिंह, निर्दोष सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Total Users : 10205451
Views Today : 2230