पटना: बिहार की राजधानी पटना के मसौढ़ी में घर के बेडरूम में खून से लथपथ महिला शिक्षिका की लाश मिलने से हड़कंप मच गया है। महिला की हत्या धारदार हथियार से होने की आशंका जताई जा रही है। घटना मसौढ़ी के कैलू बीघा की है।
क्या है पूरा मामला?
पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के कैलू बीघा में बुधवार को घर के बेडरूम में महिला शिक्षिका की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में महिला की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। मृतका की पहचान लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है। वह पोठही मध्य विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। उनके पति ज्ञानचंद चौधरी गया जिले के टेकारी में पथ निर्माण विभाग में पदस्थापित बताए जा रहे हैं। उनका पुत्र गौरव कुमार कोटा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है, जबकि बेटी शिखा कुमारी कोलकाता में एमबीए की पढ़ाई कर रही है।
बताया गया कि बुधवार को लक्ष्मी देवी विद्यालय नहीं पहुंचीं। इसके बाद विद्यालय की प्राचार्या ने उनके मोबाइल पर कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। लगातार संपर्क नहीं होने पर प्राचार्या ने परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी। परिजन जब कैलू बीघा स्थित घर पहुंचे तो बेडरूम में लक्ष्मी देवी खून से लथपथ हालत में पड़ी मिलीं। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मसौढ़ी एसडीपीओ राघव दयाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है।
पुलिस का सामने आया बयान
एसडीपीओ राघव दयाल के अनुसार, “प्रारंभिक जांच में महिला की हत्या तेज धारदार हथियार से किए जाने की आशंका है। हालांकि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और घटना से पहले तथा बाद में इलाके में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस हत्या के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एसआईटी तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर हत्याकांड का जल्द खुलासा होगा।”
इससे पहले पटना में ट्रक ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या के आरोप का भी मामला सामने आया था। इस दौरान ड्राइवरों ने हंगामा काटा था। (रिपोर्ट- पटना से बिट्टू कुमार)
ये भी पढ़ें-
पटना के बाढ़ में शराब में जहर देकर 4 युवकों की हत्या, प्रेम प्रसंग का मामला, 3 आरोपी गिरफ्तार

Total Users : 10202529
Views Today : 1728