सिंघिया पीएचसी में टीबी मरीजों के बीच प्रोटीन युक्त पोषण किट का वितरण, बीडीओ ने किया जागरूकता का आह्वान
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सिंघिया में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी मरीजों के बीच प्रोटीन युक्त पोषण किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विवेक रंजन ने की।
इस अवसर पर प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एम.एम. अंसारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उत्कर्ष दुबे तथा टेक्नीशियन दिनेश कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने टीबी मरीजों को पोषण किट प्रदान कर उनके बेहतर स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ विवेक रंजन ने कहा कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य देश को टीबी मुक्त बनाना है। इसे सफल बनाने के लिए आम लोगों की भागीदारी और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि टीबी जांच शिविरों में पहुंचकर अपनी जांच एवं काउंसलिंग अवश्य कराएं। समय पर जांच और उपचार से न केवल व्यक्ति बल्कि उसका पूरा परिवार और समाज भी सुरक्षित रह सकता है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति टीबी के प्रति जागरूक होगा और समय पर इलाज कराएगा, तो गांव, पंचायत और पूरा क्षेत्र टीबी मुक्त बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।



Total Users : 10148983
Views Today : 3695