सिंघिया में बीस सूत्री कार्यक्रम की पांचवीं बैठक, कई मुद्दों पर हुई चर्चा
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचायत समिति सभागार भवन में आज गुरुवार को बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की पांचवीं बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने की, जबकि संचालन बीडीओ विवेक रंजन ने किया। बैठक में रोसड़ा विधायक बीरेन्द्र कुमार एवं हसनपुर विधायक राजकुमार राय मौजूद रहे। अधिकारियों द्वारा दोनों विधायकों को पाग, चादर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
बैठक के दौरान एफसीआई गोदाम, बिजली विभाग, पीएचईडी, आंगनबाड़ी, शिक्षा, भवन निर्माण, कृषि, प्रखंड आपूर्ति समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। सदस्यों ने विभागों की कार्यशैली और योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर कई गंभीर मुद्दे सदन में उठाए।
सदस्य परीक्षण महतो ने प्रखंड मुख्यालय में बिना एनओसी प्राप्त भवन को तोड़कर मलबा बेचने का मुद्दा उठाया। वहीं सदस्य विमल राय एवं बृजभूषण यादव ने पूरे प्रखंड में नल-जल योजना की गंभीर समस्या और जर्जर बिजली तारों को बदलने की मांग रखी वही बृज भूषण ने लाइन मैंन को स्थानीय रहने पर दूसरे प्रखंड स्थानांतरित करने का मांग भी रखा। सदस्य अनिल सिंह ने सभी साक्ष्य देने के बावजूद परिमार्जन के आवेदन को रिजेक्ट किए जाने का मामला उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।
सदस्य सत्येंद्र यादव ने खाद की कीमत को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों को निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद मिलने की शिकायत है। सदस्य सुशील झा ने एफसीआई गोदाम में खराब गेहूं मिलने की शिकायत की। इसके बाद दोनों विधायक एफसीआई गोदाम पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने एफसीआई मैनेजर को गुणवत्तापूर्ण अनाज उपलब्ध कराने तथा डीलरों को अच्छा अनाज देने का निर्देश दिया।
रोसड़ा विधायक बीरेन्द्र कुमार ने कहा कि बैठक से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों और कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ एक दिन का वेतन काटने के साथ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस पर सदन के सदस्यों और हसनपुर विधायक ने सहमति जताई।
हसनपुर विधायक राजकुमार राय ने विष्णुपुर डीहा पंचायत में निर्माणाधीन विद्यालय भवन की स्थिति की जानकारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से ली। बीईओ मनोज झा ने विद्यालय भवनों एवं भूमिहीन विद्यालयों से संबंधित जानकारी सदन के समक्ष रखी।
बैठक में सीओ मोनी कुमारी, बीपीआरओ कृष्ण कुमार सिंह, बीएओ सत्यम कुमार सिंह, एमओ उत्कर्ष दुबे, बिजली जेई शशि शेखर सिंह, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एम एम अंसारी, बीसीओ ललन सिंह, एसआई मिथुन कुमार, जीविका बीपीएम पीयूष पुष्यंत, बाल विकास विभाग से सुनीता कुमारी, पीएचईडी से निधि कुमारी, पीओ जितेंद्र कुमार, बीस सूत्री उपाध्यक्ष अरुण शेखर कुंवर सहित अन्य अधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Total Users : 10189843
Views Today : 327