सिंघिया बाईपास पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल, डीएमसीएच रेफर
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघीया-बहेरी मुख्य सड़क (एसएच-88) पर स्थित सिंघिया बाईपास के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार होने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए सिंघिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. राकेश कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान दोनों की स्थिति गंभीर पाई गई, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान सिंघिया नगर पंचायत निवासी अमित यादव और अरविंद यादव के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर सिंघिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। थाना अध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Total Users : 10166030
Views Today : 1828