हल्दिया रिफाइनरी में भीषण आग, नाफ्था पाइपलाइन फटने से 15 लोग झुलसे, कई की हालत गंभीर
पश्चिम बंगाल के हल्दिया स्थित रिफाइनरी में मंगलवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। नाफ्था ले जा रही पाइपलाइन में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में कम से कम 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई। पाइपलाइन में अचानक आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे कई कर्मचारी आ गए और वे गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही रिफाइनरी प्रशासन, स्थानीय लोग और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। घायल कर्मचारियों को इलाज के लिए हल्दिया उप मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और रिफाइनरी प्रबंधन की ओर से घटना की जांच की जा रही है।
नाफ्था क्या होता है?
नाफ्था कच्चे तेल से रिफाइनरी में तैयार होने वाला अत्यधिक ज्वलनशील तरल ईंधन है। इसका उपयोग पेट्रोल, केरोसीन और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों के निर्माण में किया जाता है।
घटना का वीडियो आया सामने
हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आसमान की ओर उठता काले धुएं का गुबार दिखाई दे रहा है। मौके पर मौजूद लोग आग बुझाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।



Total Users : 10137852
Views Today : 1796