सिंघिया में बिना NOC भवन तोड़ने पर विधायक ने जताई नाराजगी, संवेदक पर कार्रवाई का निर्देश
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड मुख्यालय परिसर में ट्राईसेम भवन को बिना एनओसी प्राप्त किए तोड़े जाने का मामला सामने आया है। भवन निर्माण विभाग के संवेदक द्वारा भवन को तोड़ने के साथ उसके मलवे को भी बिक्री किए जाने की शिकायत स्थानीय लोगों ने विधायक राज कुमार राय से की।
गुरुवार को पूर्व बीससूत्री अध्यक्ष संजय सिंह, मिथिलेश सिंह, बीस सूत्री सदस्य परीक्षण महतो तृपित सिंह समेत कई स्थानीय लोगों ने विधायक से इस मामले की शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद विधायक राज कुमार राय ने मौके पर पहुंचकर तोड़े गए ट्राईसेम भवन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने मामले पर काफी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने उपस्थित लोगों को भरोसा दिलाया कि बिना आवश्यक एनओसी के सरकारी भवन को तोड़ने के मामले में दोषी संवेदक और भवन निर्माण विभाग के संबंधित इंजीनियर पर कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।
विधायक ने कहा कि सरकारी संपत्ति को इस तरह तोड़ना और उसके मलवे की बिक्री करना गंभीर मामला है। इससे सरकार की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।

Total Users : 10190457
Views Today : 2889