Explore

Search

September 1, 2026 6:11 pm

विद्यालयों में पठन-पाठन की गुणवत्ता पर विधायक ने दिया जोर, कक्षाओं में पहुंचकर छात्रों से ली जानकारी

विद्यालयों में पठन-पाठन की गुणवत्ता पर विधायक ने दिया जोर, कक्षाओं में पहुंचकर छात्रों से ली जानकारी

 

शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत शिक्षा व्यवस्था और विद्यालयों में पठन पाठन की स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से मंगलवार को वारिसनगर विधायक मंजरिक मृणाल ने सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श प्लस टू उच्च विद्यालय शिवाजीनगर का विस्तृत निरीक्षण किया। विधायक ने विद्यालय में करीब दो घंटे से अधिक समय बिताकर विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की बारीकी से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला सहित वर्ग नौवीं से 12वीं तक के सभी कक्षा कक्षों का निरीक्षण किया और छात्र छात्राओं से सीधे संवाद कर पढ़ाई की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान विधायक मंजरिक मृणाल एक एक कक्षा में पहुंचे और वहां मौजूद विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, विद्यालय में मिलने वाली शैक्षणिक सुविधाओं तथा उनकी रुचि के विषयों के बारे में जानकारी ली। साथ ही विद्यार्थियों से यह भी पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं। इस पर छात्र छात्राओं ने अपनी अपनी इच्छा और लक्ष्य के बारे में विधायक को बताया। विधायक ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित रूप से पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने तथा उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की सलाह दी। विद्यालय की लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास और विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण करते हुए विधायक ने उपलब्ध संसाधनों के उपयोग की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र छात्राओं की संख्या, शिक्षकों की उपलब्धता, कक्षा संचालन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद प्रधानाध्यापक कक्ष में विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाओं से भी बातचीत कर पठन पाठन को और बेहतर बनाने पर चर्चा की।

विद्यालय के निरीक्षण के बाद विधायक ने सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श प्लस टू उच्च विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों की सक्रियता की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करना आवश्यक है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। विधायक के विद्यालय निरीक्षण की जानकारी मिलने पर बीईओ रामजन्म सिंह भी विद्यालय पहुंचे। उनके साथ पूर्व बीआरपी सह प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं और शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर अधिकारियों एवं विधायक के बीच बातचीत हुई। इसके बाद विधायक मंजरिक मृणाल ने मध्य विद्यालय शिवाजीनगर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय के विभिन्न वर्ग-कक्षों में जाकर छात्र-छात्राओं से बातचीत की और उनकी पढ़ाई से संबंधित जानकारी ली। बच्चों से उनकी पढ़ाई, विषयों और भविष्य के लक्ष्य के संबंध में जानकारी लेते हुए विधायक ने उन्हें मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिनेश प्रसाद सिंह सहित अन्य शिक्षक शिक्षिकाओं से भी विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। मध्य विद्यालय के निरीक्षण के बाद विधायक ने प्रखंड संसाधन केंद्र शिवाजीनगर का भी जायजा लिया। बीआरसी में उपलब्ध व्यवस्थाओं और कमियों की जानकारी ली तथा बीईओ रामजन्म सिंह से प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में पठन पाठन की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यालयों में नियमित कक्षा संचालन, बच्चों की उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।

बीईओ रामजन्म सिंह ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के विद्यालयों में पठन पाठन की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। शिक्षकों को नियमित रूप से कक्षा संचालन करने और विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया जाता है। उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा विद्यालयों का निरीक्षण कर बच्चों से सीधे संवाद करना शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल है। उन्होंने सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श प्लस टू उच्च विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की विधायक द्वारा की गई सराहना को विद्यालय परिवार के लिए उत्साहवर्धक बताया।

निरीक्षण के दौरान पूर्व प्राचार्य कुंडेश्वर प्रसाद सिन्हा, योगाचार्य रमाकांत सिंह, शिक्षक राज नारायण, प्रशांत कुमार, बृजमोहन सहनी, विकेश कुमार पासवान, बुघियार मुखिया, अंकित कुमार, मुकेश कुमार, संजय सहनी, संतोष कुमार, शिव शंकर शर्मा, मो. नूर आलम, नेहा रानी, रूबी कुमारी, उषा कुमारी, पूजा भारती, उदय सिंह, राधाकांत सिंह, विगेश कुमार पासवान, किशोरी प्रसाद सिंह, श्रवण कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

विधायक के इस निरीक्षण को लेकर विद्यालय के छात्र छात्राओं और शिक्षकों में भी उत्साह देखा गया। विधायक ने बच्चों से संवाद के माध्यम से उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के भीतर ज्ञान, अनुशासन, आत्मविश्वास और भविष्य के प्रति स्पष्ट सोच विकसित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग कर बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!