सिंघिया प्रखंड में ट्राइसेम भवन तोड़ने पर लोगों में नाराजगी, जांच कर कार्रवाई की मांग
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित ट्राइसेम भवन को कथित तौर पर बिना एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) प्राप्त किए तोड़े जाने का मामला सामने आया है। भवन तोड़े जाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। मंगलवार को प्रखंड जदयू के पूर्व अध्यक्ष सह पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष संजय सिंह, अधिवक्ता रंजीत कुमार सिंह समेत कई लोगों ने मामले की जांच कर दोषी ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।
लोगों का आरोप है कि संबंधित भवन को तोड़ने की अनुमति नहीं थी, इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा भवन को तोड़ दिया गया। आरोप यह भी है कि भवन से निकले मलबे और अन्य सामग्री को भी बेच दिया गया, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
संजय सिंह एवं अधिवक्ता रंजीत कुमार सिंह समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकारी भवन को बिना सक्षम स्तर से अनुमति लिए तोड़ा जाना गंभीर मामला है। जांच के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित ठेकेदार पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए और सरकारी संपत्ति के नुकसान की भरपाई कराई जानी चाहिए।

Total Users : 10181026
Views Today : 2889