मुजफ्फरपुर में मंदिर के बाहर प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी
मुजफ्फरपुर, बिहार: जिले के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक स्थित मंदिर में शनिवार सुबह पूजा करने पहुंचे प्रॉपर्टी डीलर एवं किताब व्यवसायी श्याम कुमार कुशवाहा उर्फ श्याम सुंदर प्रसाद की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मंदिर में पूजा के दौरान बरसाईं गोलियां
जानकारी के अनुसार, श्याम कुमार कुशवाहा रोज की तरह सुबह मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए तीन अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल श्याम कुमार को इलाज के लिए एसकेएमसीएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पहले भी मिली थी धमकी
मृतक के बड़े भाई मोहन प्रसाद ने बताया कि पिछले कई दिनों से कुछ लोगों द्वारा उनके भाई को धमकी दी जा रही थी। इस संबंध में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से खोखे बरामद किए गए हैं तथा एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि पुलिस जमीन विवाद, पुरानी रंजिश और हाल में मिली धमकियों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।



Total Users : 10140592
Views Today : 3560