सिंघिया में बिजली करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत, सड़क जाम कर परिजनों ने की मुआवजे की मांग
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के नीरपुर भाररिया निवासी मो. क्यूम के 35 वर्षीय पुत्र मो. खुर्शीद आलम की आज रविवार को बिजली करंट लगने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मो. खुर्शीद आलम पनसल्लाह गांव में बिजली की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसकर मूर्छित हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सिंघिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही उनकी मौत हो गई। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अविनाश तिवारी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृत्यु की खबर मिलते ही परिजनों एवं ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए सिंघिया-रोसड़ा-कुशेश्वरस्थान मुख्य सड़क को सिंघिया कलाली चौक पर जाम कर दिया तथा न्याय एवं आर्थिक सहायता की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही सिंघिया थाना के पुलिस पदाधिकारी सुभाष यादव एवं संजय कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस दौरान पंचायत के मुखिया पति मनोज पासवान ने मृतक के परिजनों को कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। वहीं, बिजली विभाग के जेई शशि शेखर सिंह ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने तथा जहांगीरपुर में निर्माणाधीन पावर सब-स्टेशन में परिवार के एक सदस्य को रोजगार दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।



Total Users : 10127658
Views Today : 2849