सिंघिया में 1974 से संचालित स्कूल, आज तक नहीं बना आने-जाने का रास्ता
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय सोनमा में आने-जाने के लिए आज तक रास्ते का निर्माण नहीं हो पाया है। वर्ष 1974 में स्थापित इस विद्यालय के छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को आज भी पगडंडी के सहारे विद्यालय पहुंचना पड़ता है।
इसी समस्या को लेकर आज बुधवार को विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ग्रामीणों के सहयोग से सोनमा गांव से प्रभात फेरी निकाली और विद्यालय परिसर पहुंचकर रास्ता निर्माण की मांग की। बच्चों और ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय तक आने-जाने के लिए पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि उन्हें परेशानी से राहत मिल सके।
ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के मौसम में पगडंडी से होकर विद्यालय जाना काफी मुश्किल हो जाता है। पगडंडी के दोनों तरफ फसल लगी रहने के कारण बच्चों और शिक्षकों को सांप-बिच्छू का भी डर बना रहता है।
वहीं, कुछ छात्रों ने विद्यालय के एचएम पर बाथरूम में ताला लगाए रखने का आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि बाथरूम बंद रहने के कारण उन्हें शौच के लिए विद्यालय के बाहर पोखरी के किनारे जाना पड़ता है।
इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सरोज कुमार ने बताया कि विद्यालय तक रास्ता निर्माण को लेकर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी समेत कई अधिकारियों को लिखित रूप से जानकारी दी जा चुकी है।
बताया जाता है कि प्राथमिक विद्यालय सोनमा में कक्षा एक से पांच तक पढ़ाई होती है। विद्यालय में वर्तमान में कुल 5 शिक्षक कार्यरत हैं और 127 बच्चे नामांकित हैं।
ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द विद्यालय तक आने-जाने के लिए रास्ते का निर्माण कराने की मांग की है।

Total Users : 10202529
Views Today : 1729