सिंघिया में सर्प का आतंक जारी, विषैले सांप के काटने से युवक अस्पताल में भर्ती; 4 दिनों में 6 लोग बने शिकार 3की मौत
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड में इन दिनों विषैले सांपों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा घटना जहांगीरपुर पंचायत के लगमा गांव की है, जहां अशोक महतो के 29 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार को विषैले सर्प ने काट लिया। घटना के बाद परिजनों ने बिना देर किए रोहित को इलाज के लिए सिंघिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया।
पीएचसी में मौजूद चिकित्सक डॉ. अविनाश तिवारी ने युवक का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंच जाने के कारण मरीज की स्थिति सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार, बीते चार दिनों के भीतर सिंघिया प्रखंड के विभिन्न गांवों में सर्पदंश की छह घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें चक्का गांव में 11 वर्षीय एक बच्चे, राजघाट में एक अन्य बच्चे तथा कंजारा गांव की एक वृद्ध महिला की सर्पदंश से मौत हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
डॉ. अविनाश तिवारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो उसे तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाएं। झाड़-फूंक, ओझा-गुनी या नीम-हकीम के चक्कर में पड़ने से बहुमूल्य समय नष्ट होता है, जिससे मरीज की जान भी जा सकती है। उन्होंने समय पर उपचार को ही सर्पदंश से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय बताया।

Total Users : 10166051
Views Today : 1897