बिहार के सिवान नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला में 29 अपरैल 2026 को हुए चर्चित गोलीकांड का मुख्य आरोपी सोनू कुमार यादव पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. बड़हरिया थाना क्षेत्र के लकड़ी गांव के पास हुई इस कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी ढेर हो गया.
कौन था सोनू यादव?: मृतक सोनू यादव हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव निवासी गरजू यादव का पुत्र था. पुलिस के अनुसार वह गोलीकांड का मुख्य शूटर था. उस पर पूर्व बीजेपी MLC मनोज सिंह के भांजे हर्ष कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था. हमले में मनोज सिंह के बहनोई चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनका इलाज पटना के पीएमसीएच में चल रहा है.
गुप्त सूचना पर कार्रवाई: पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा को गुप्त सूचना मिली कि सोनू यादव किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से बड़हरिया की ओर जा रहा था. एसडीपीओ अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने लकड़ी गांव के पास घेराबंदी की। आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने गोलीबारी की.
मुठभेड़ में घायल, अस्पताल में मौत: जवाबी कार्रवाई में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस एनकाउंटर के बाद जिले में अपराधियों में दहशत का माहौल है.
पहले से दो आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था. छोटू यादव को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया, जो फिलहाल पीएमसीएच पटना में भर्ती है. दूसरे आरोपी सुनील यादव को घटना में प्रयुक्त वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया था.
एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि फरार बचे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इलाके में पुलिस गश्त और सख्ती बढ़ा दी गई है.
“फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है. जल्द अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.”-पुरन कुमार झा, एसपी
मामले में उठ रहे सवाल: मुठभेड़ को लेकर अब तक विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं होने से कई सवाल उठ रहे हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.






Total Users : 10094263
Views Today : 965