सिंघिया नगर पंचायत में युवक की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी
समस्तीपुर। जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघिया नगर पंचायत के सिवैया गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान सिवैया निवासी रामचंद्र साहू के पुत्र दिलीप साहू (35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दिलीप का शव घर में पलंग के सहारे फंदे से लटका हुआ मिला।
घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब मृतक अपनी पत्नी के साथ सोया था तो मौत कैसे हुई—यह हत्या है या आत्महत्या?
इस संबंध में रोसड़ा पुलिस इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी के अनुसार दिलीप साहू पर काफी कर्ज था और इसी तनाव में उसने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Total Users : 10193634
Views Today : 1377