बिहार में पंचायत चुनाव से पहले होगा परिसीमन, मंत्री बोले- अभी तय नहीं है चुनाव का टाइमलाइन
पटना। बिहार में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि पंचायत चुनाव से पहले पंचायतों का परिसीमन कराया जाएगा। इसके बाद आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होगी और फिर चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
मंत्री ने कहा कि परिसीमन और चुनाव से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं निर्वाचन आयोग के माध्यम से पूरी की जानी हैं। ऐसे में फिलहाल चुनाव की निश्चित टाइमलाइन बताना संभव नहीं है।
पहले परिसीमन, फिर पंचायत चुनाव
पंचायत चुनाव और परिसीमन के क्रम को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री दीपक प्रकाश ने स्पष्ट किया कि सरकार ने चुनाव से पहले परिसीमन को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। यानी पहले परिसीमन का काम पूरा होगा, इसके बाद आरक्षण निर्धारण समेत अन्य जरूरी प्रक्रियाएं आगे बढ़ेंगी।
पंचायती राज विभाग की ओर से निर्वाचन आयोग को चुनाव से जुड़ी प्रशासनिक और लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि सभी जरूरी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो सकें।
छात्रों के आंदोलन पर भी बोले मंत्री
पटना के गर्दनीबाग में प्रतियोगी परीक्षाओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के प्रति संवेदनशील है और छात्रों की जायज मांगों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
चीनी की बढ़ती कीमतों पर दी सफाई
चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी पर मंत्री ने कहा कि इसे सीधे तौर पर महंगाई से जोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने माना कि कीमतों में वृद्धि चिंता का विषय है, लेकिन इसके पीछे उत्पादन, मांग और आपूर्ति समेत कई कारण हो सकते हैं। सरकार स्थिति की समीक्षा कर उचित कदम उठाएगी।

Total Users : 10192655
Views Today : 1425