बिहार में सरपंच के बेटे की गोली मारकर हत्या
बिहार सरकार के उर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के गांव के सरपंच पुत्र को शनिवार की दोपहर हथियार से लैश अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद अपराधी बाइक पर सवार होकर फरार हो गये. पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है.
सरपंच के बेटे की हत्या : घटना के संबंध बताया जा रहा है कि सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र के मुरली ग्राम कचहरी की सरपंच बिंदा देवी के पुत्र श्रीराम यादव (42 वर्ष), अपनी पत्नी नीलम देवी को लेकर जदिया थाना क्षेत्र के कोरियापट्टी पंचायत के जहांगीरपुर वार्ड नंबर 14 राखी बांधने के लिए जा रहे थे. इसी क्रम में भपटियाही थाना क्षेत्र के लालगंज बाजार में श्रीराम की एक युवक से बहस हो गयी.
तीखी बहस के बाद श्रीराम ने घर पर फोन कर मामले की जानकारी अपने भाईयों को दी. इसके बाद मौके पर पहुंचे भाइयों ने युवक को पकड़ लिया. इसी क्रम में युवक ने अपने कमर से पिस्टल निकालकर दो-तीन राउंड फायर कर दिया. गोली की आवाज सुन लोग उस ओर दौड़ पड़े. इसी क्रम में युवक ने श्रीराम के कनपटी में एक गोली दाग दी. जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा. इतने में मौका देख युवक घटनास्थल से फरार हो गया.
इलाज के दौरान मौत : घटना के बाद लोगों के बीच दहशत का माहौल हो गया. लोगों ने तत्काल जख्मी युवक को अस्पताल पहुंचाया. सबसे पहले घायल श्रीराम यादव को रेफरल अस्पताल सिमराही में भर्ती कराया गया. लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने उसे इलाज के बाद सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया. सुपौल में एक निजी अस्पताल में घायल श्रीराम यादव का इलाज किया गया. लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने न्यूरो हॉस्पिटल विराटनगर नेपाल रेफर कर दिया. नेपाल जाने के क्रम में रास्ते में सिमराही पास श्रीराम यादव की मौत हो गई.






Total Users : 10072126
Views Today : 891