Explore

Search

March 4, 2026 11:14 pm

पूर्व प्रमुख पति ने बच्ची से किया दुष्कर्म

पूर्व प्रमुख पति ने बच्ची से किया दुष्कर्म

बिहार के नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है. एक 65 वर्षीय पूर्व प्रमुख पति ने 11 साल की मासूम बच्ची के साथ बिस्किट का लालच देकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. इस कृत्य के बाद बच्ची की हालत गंभीर हो गई. उसे तुरंत बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.

स्कूल से लौटने पर खुला राज: घटना शनिवार की है, जब बच्ची स्कूल से घर लौटी और उसने अपनी मां को बुखार की शिकायत की. मां ने जब उसे नहलाने की कोशिश की, तो बच्ची घबरा गई और डर के मारे कुछ बोल नहीं पाई. बाद में, हिम्मत जुटाकर बच्ची ने अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई. बच्ची ने बताया कि उसकी सहेली ने बिस्किट का लालच देकर उसे आरोपी के घर ले गई और उसे अकेला छोड़ भाग गई.

आरोपी ने दी जान से मारने की धमकी: बच्ची के अनुसार, सहेली के वहां से चले जाने के बाद आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद, उसने बच्ची को धमकी दी कि अगर उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया, तो वह उसे जान से मार देगा. डर और सदमे में बच्ची घर लौटी, लेकिन उसकी तबीयत बिगड़ गई. मां को नहाने के दौरान बच्ची की हालत पर शक हुआ, जिसके बाद उसने पूरी घटना का खुलासा किया.

पुलिस ने पूर्व प्रमुख पति को किया गिरफ्तार: घटना की जानकारी मिलते ही बच्ची के परिजन तुरंत बिंद थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

एफएसएल जांच और मेडिकल देखभाल: पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम के साथ साक्ष्य इकट्ठे किए. पीड़ित बच्ची को बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर नजर रख रही है. बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है, और उसका इलाज जारी है.
स्थानीय लोगों में आक्रोश: सदर डीएसपी नूरुल हक ने बताया कि आरोपी पूर्व प्रमुख का पति है और उसके खिलाफ पहले भी इस तरह के आरोप लग चुके हैं. पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस अमानवीय घटना ने पूरे गांव में आक्रोश फैला दिया है. स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी.

“ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला है कि आरोपी के ऊपर पहले भी इस तरह के आरोप लगे हैं. पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.”-नूरुल हक, सदर डीएसपी, बिहार शरीफ नालंदा

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!