Explore

Search

September 11, 2026 4:11 pm

डायवर्सन में गिरकर बिजली मिस्त्री की मौत, एक माह की बेटी के सिर से उठा पिता का साया

डायवर्सन में गिरकर बिजली मिस्त्री की मौत, एक माह की बेटी के सिर से उठा पिता का साया

 

शिवाजीनगर रोसड़ा बहेरी मुख्य पथ पर गोसाई पोखर के समीप बुधवार की रात करीब 10 बजे निर्माणाधीन पुलिया के डायवर्सन में बाइक गिरने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे उसका साथी भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक की शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत पहचान रानीपरती पंचायत के खनुमा गांव वार्ड नौ निवासी रामवदन यादव के 25 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। घायल युवक रोसड़ा थाना क्षेत्र के ऐरौत गांव निवासी साहिल कुमार बताया गया है। दोनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार दीपक कुमार निजी स्तर पर बिजली मिस्त्री का काम करता था। बुधवार को काम समाप्त करने के बाद वह साहिल कुमार के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रोसड़ा बहेरी सड़क के चौड़ीकरण व निर्माण कार्य के क्रम में गोसाई पोखर के पास बनाए गए डायवर्सन से बाइक अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुलिया के गड्ढे में जा गिरी। दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवाजीनगर पहुंचाया।

पीएचसी में चिकित्सक डॉ. रंजन कुमार ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। वहीं साहिल की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर किया गया। वहां से भी स्थिति चिंताजनक रहने पर उसे पीएमसीएच पटना भेजे जाने की जानकारी मिली है। बताया गया कि घायल साहिल की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। इसके बाद शिवाजीनगर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल गमगीन रहा। मृतक के पांच वर्षीय भतीजे सुशांत कुमार ने अपने चाचा को मुखाग्नि दी।

दीपक की मौत से सबसे बड़ा संकट उसके छोटे से परिवार पर टूट पड़ा है। करीब एक वर्ष पहले ही उसकी शादी बेगूसराय जिले के बखड़ा निवासी कोमल कुमारी से हुई थी। दांपत्य जीवन शुरू हुए अभी वर्ष भी पूरा नहीं हुआ था कि हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। दीपक और कोमल की करीब एक माह की पुत्री सृष्टि कुमारी है। जिस उम्र में बच्ची को पिता का दुलार मिलना शुरू हुआ था, उसी समय उसके सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार के लोगों के मुताबिक दीपक ही निजी बिजली मिस्त्री के रूप में काम कर घर का खर्च चलाता था। उसकी आमदनी से पत्नी, नवजात बेटी और अन्य परिजन का भरण-पोषण होता था। अब कम उम्र की पत्नी और मासूम बच्ची के भविष्य को लेकर परिवार चिंतित है। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता एवं नियमानुसार मिलने वाले मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि हादसे में परिवार का कमाने वाला सदस्य चला गया है। ऐसे में सरकारी सहायता मिलने से पत्नी और मासूम बेटी के पालन-पोषण में कुछ सहारा मिल सकेगा। हादसे के बाद निर्माणाधीन पुलिया के पास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों एवं परिजनों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर प्घेराबंदी नहीं की गई थी। रात में वाहन चालकों को सचेत करने के लिए न तो संकेतक लगाए गए थे और न ही प्रकाश की समुचित व्यवस्था थी। लोगों का कहना है कि यदि निर्माणाधीन हिस्से के आसपास बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और रोशनी की व्यवस्था होती तो संभवत: बाइक सवारों को खतरे का अंदाजा हो जाता।

रोसड़ा बहेरी मुख्य पथ पर चौड़ीकरण एवं सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। मार्ग में कई स्थानों पर पुल पुलिया का निर्माण भी कराया जा रहा है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसी से सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन स्थल पर रात के समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है, ताकि राहगीरों के साथ इस तरह की घटनाएं दोबारा नहीं हों। घटना की जानकारी मिलने पर बीस सूत्री अध्यक्ष संतोष कुमार बबली, पंचायत के मुखिया विनोद पासवान, रंजीत यादव सहित कई लोग मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए नियमानुसार मिलने वाली सहायता दिलाने के लिए प्रयास करने की बात कही। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा गया था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में अभी तक किसी प्रकार का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!