लखीसराय में विश्व बाल दिवस पर ‘कन्या जन्मोत्सव’ का आयोजन, 25 नवजात बेटियों की माताओं को किया गया सम्मानित
लखीसराय।
महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वाधान में तथा संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से चानन प्रखंड के इंटौन पंचायत स्थित पानी टंकी के पास सरस्वती मंदिर परिसर में विश्व बाल दिवस के अवसर पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) cum नोडल पदाधिकारी, मिशन शक्ति, श्रीमती बंदना पांडेय ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से द्वीप प्रज्वलन और स्वागत गान के साथ हुई। इसके बाद श्रीमती बंदना पांडेय ने 25 नवजात कन्याओं की माताओं को बधाई संदेश, बेबी किट, पौधा और मिठाई देकर सम्मानित किया।
“बेटी ही सृष्टि का सृजनहार” – बंदना पांडेय
सभी माताओं को संबोधित करते हुए श्रीमती पांडेय ने कहा—
“बेटी के जन्म पर उत्सव मनाइए, क्योंकि बेटी ही जीवन की रचना करती है। सरकार बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएँ चला रही है। समाज के हर वर्ग तक इसे पहुँचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
लिंग भेद समाप्त करने का संदेश
कार्यक्रम का संचालन कर रहे जिला मिशन समन्वयक (संकल्प हब) प्रशांत कुमार ने कहा कि कन्या जन्मोत्सव का मुख्य उद्देश्य समाज में लिंग आधारित भेदभाव को समाप्त करना है।
उन्होंने कहा—
“जैसे बेटे के जन्म पर उत्सव मनाया जाता है, उसी प्रकार बेटी के जन्म पर भी खुशी और सम्मान होना चाहिए।”
बेटियाँ बना रही नई पहचान
लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने कहा कि वर्तमान समय में बेटियाँ हर क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ हासिल कर रही हैं।
उन्होंने कहा—
“जरूरत है कि हम बेटियों को और अधिक प्रोत्साहन दें और उन्हें समान अवसर प्रदान करें।”
कार्यक्रम में कई अधिकारी एवं आंगनबाड़ी सेविकाएँ रहीं मौजूद
कार्यक्रम में लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, महिला पर्यवेक्षिका सोनी कुमारी, रिंकू कुमारी, अनुराधा कुमारी, एमटीएस नविन्द्र दास, गौतम कुमार, आंगनबाड़ी सेविका रूबी कुमारी, सोनी कुमारी, शोभा कुमारी, वीणा कुमारी, बबीता कुमारी, प्रतिमा कुमारी सहित कई लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा कार्यक्रम में आर्या कुमारी, प्रियांशी, रानी, सृष्टि, संध्या, विद्या सहित दर्जनों नवजात कन्याएँ अपनी माताओं के साथ शामिल रहीं।






Total Users : 10074247
Views Today : 1775