Explore

Search

March 3, 2026 11:37 am

कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की तैयारियों पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक

 

कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की तैयारियों पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक
मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचन सूची के ड्राफ्ट पब्लिकेशन का साझाकरण।

आज दिनांक 25 नवम्बर 2025 को लखीसराय संग्रहालय स्थित सभा कक्ष में कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित तैयारियों की विस्तृत एवं महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कोशी स्नातक निर्वाचन सूची के ड्राफ्ट पब्लिकेशन की प्रति सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि निर्वाचन सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया का मूल आधार है, अतः सभी राजनीतिक दलों से प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों का विधिसम्मत समाधान समयबद्ध रूप से किया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने स्तर से निर्वाचन सूची का सूक्ष्म अध्ययन कर आवश्यकतानुसार सुधार हेतु उचित अभिलेखों के साथ सुझाव जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री मिश्र ने स्पष्ट रूप से बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कठोरता से पालन कराया जाएगा। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, भ्रामक सूचना, अनधिकृत प्रचार, धन-बल या दवाब-युक्त आचरण को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल एवं उनके कार्यकर्ता लोकतांत्रिक गरिमा बनाए रखते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्व पूर्ण किया जाए तथा किसी प्रकार की लापरवाही पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक के अंत में सभी राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों ने निर्वाचन सूची के ड्राफ्ट पब्लिकेशन को सकारात्मक पहल बताते हुए इसके अध्ययन एवं आवश्यक सुझाव शीघ्र उपलब्ध कराने की बात भी कही।

इस अवसर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!