पटसा में महिला को डायन बताकर मारपीट, तीन नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
बिहार के समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटसा गांव में महिला को डायन बताकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित व्यक्ति ने हसनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित ने अपने आवेदन में बताया कि वह अपनी पत्नी और पुत्र के साथ घर के दरवाजे पर आग ताप रहा था। इसी दौरान गांव के ही लालन यादव, पंकज यादव और दिलखुश कुमार वहां पहुंचे और उसकी पत्नी को डायन कहकर धमकाने लगे। जब इसका विरोध किया गया तो आरोपियों ने पीड़ित के पुत्र शशि कुमार यादव के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया।
घटना के बाद परिजनों में भय और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर हसनपुर थाना अध्यक्ष ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Total Users : 10166618
Views Today : 91